मध्यप्रदेश में बढ़ते रेप केस से सीएम शिवराज सिंह चौहान चिंतित, पुलिस के आला अधिकारियों की बुलाई बैठक
JULY 03 (WTN) - मध्य प्रदेश में बढ़ते रेप केस को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज एक अहम बैठक की। जानकारी के मुताबिक, मंत्रालय में अचानक बुलाई गई इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को मंदसौर और सतना में बच्चियों से दुष्कर्म के मामलों में जल्द से जल्द कोर्ट में चालान पेश करने को कहा है।
वहीं जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धार और इंदौर में दुष्कर्म के मामले में कोर्ट के द्वारा फांसी की सजा के एलान पर अपराधियों को जल्द फांसी दिलाने के लिए हाईकोर्ट में प्रयास करने को कहा है, ताकि रेप की वारदात करने से पहले अपराधियों में कानून का खौफ हो।
इतना ही नहीं जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों को स्कूल में बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ की समझ विकसित करने के लिए जानकारी देने को कहा। मध्यप्रदेश में बढ़ते रेप केस से चिंतित मुख्यमंत्री ने अश्लील साहित्य और शराब की लत को कम करने के लिए जरुर कदम उठाने के लिए अधिकारियों को कहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला अपराध के मामले में शिकायत पर तुरंत कार्रवाई किये जाने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिये हैं।