‘अश्लील वीडियो’ के कारण बढ़ रही हैं रेप की घटनाएं: नन्द कुमार चौहान
JULY 07 (WTN) - मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और खण्डवा से सांसद नन्द कुमार सिंह चौहान ने देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के मामले में एक बड़ा बयान दिया है। नन्द कुमार चौहान ने कहा कि ‘इन्टरनेट’ और ‘स्मार्टफोन’ पर अश्लीलता देखने के कारण रेप जैसी घटनाएं हो रही हैं।
नन्द कुमार चौहान ने कहा है, ‘’आजकल युवा मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहे हैं, जिसका उनके दिमाग पर गलत प्रभाव पड़ता है और वह अपराध को अंजाम देते हैं।” आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले नन्द कुमार चौहान ने एक ‘विवादित’ बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि कठुआ रेप केस में ‘पाकिस्तान का हाथ’ है।
नन्द कुमार चौहान के इस बयान पर विवाद हो सकता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि महिलाओं से रेप के मामले में साल 2016 में मध्य प्रदेश टॉप पर रहा था, जिसकी सभी ने आलोचना की थी। अभी हाल ही में मन्दसौर और सतना में बच्चियों के साथ हुई रेप के घटनाओं के बाद लोगों में आक्रोश है। मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस, नन्द कुमार चौहान के बयान पर क्या प्रतिक्रिया देती है, यह देखना होगा।