ट्रेन में यदि कैन्टीन स्टाफ खाने का बिल ना दे, तो ना करें भुगतान: पीयूष गोयल
JULY 10 (WTN) – रेल मंत्री पीयूष गोयल ने साफ कर दिया है कि यदि ट्रेन में यात्रियों को कैंटीन स्टाफ खाने का बिल नहीं देता है तो भुगतान मत कीजिए। बाद में रेलवे के अधिकारी मामले से निपटेंगे। ट्रेन में खाने की बढ़ती शिकायतों के बीच रेल मंत्री पीयूष गोयल ने यह बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को रेलवे में खान-पान सेवा देने वालों से बिल की मांग करनी चाहिए। रेल मंत्री ने कहा कि सभी खान-पान सेवा देने वाले कर्मचारियों को ‘प्वाइंट आफ सेल’ मशीनें उपलब्ध करायी जाएंगी।
रेल मंत्री के अनुसार ट्रेनों में यात्रियों की सुविधाओं के लिए कई बदलाव किये हैं। राजधानी ट्रेन में खाने का मैन्यु बदलने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही खाने की क्वालिटी सुधारने की कोशिश भी की जा रही है। पीयूष गोयल ने कहा कि ट्रेन में मिलने वाले कम्बलों की एक महीने में दो बार धुलाई का आदेश भी रेलवे दे चुका है। इसके लिए रेलवे नए तरह के कम्बल भी खरीद रहा है। रेलवे, ट्रेन के एसी क्लास में दिए जाने वाले फेस नैपकिन को अब नहीं देगा। अब एक बार उपयोग किए जा सकने वाले नैपकिन दिए जाएंगे।