कलेक्टर्स के लिए दीपाली रस्तोगी ने जारी किया ‘कड़ा आदेश’
JULY 17 (WTN) – अपने एक नये आदेश के बाद से मध्य प्रदेश की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपाली रस्तोगी फिर से चर्चा में हैं। आदिवासी कार्य विभाग की आयुक्त दीपाली रस्तोगी ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को विकास यात्राओं और सम्मेलन में ख़र्च को लेकर एक आदेश जारी किया है। चर्चित आईएएस दीपाली रस्तोगी ने अपने आदेश में कहा है कि प्रदेश में निकल रही विकास यात्राओं और अन्य सम्मेलनों के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत आवंटित बजट में से पैसा ख़र्च न किया जाए।
अपने आदेश में उन्होंने कहा कि इन विकास यात्राओं के लिए अलग से राशि जारी की गई है, और यदि अन्य योजनाओं की राशि इन सम्मेलन के आयोजन में ख़र्च की जाती है तो इसे गम्भीर वित्तीय अनियमितता माना जाएगा। इतना ही नहीं सम्बन्धित अधिकारी के ख़िलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समाचारों पत्रों में अपने लेखों के लिए चर्चित दीपाली रस्तोगी ने इससे पहले आदेश दिया था कि धार्मिक और राजनीतिक आयोजनों में आदिवासी बच्चों को भीड़ बढ़ाने के लिए शामिन न कराया जाए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दीपाली रस्तोगी की कार्यशैली और विचार हमेशा से ही सुर्खियों में रहे हैं। अपने एक लेख में रस्तोगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी 'खुले में शौच से मुक्त योजना' पर तंज कसा था और उसे विदेशियों की नकल बताया था, वहीं दीपाली रस्तोगी ने आईएएस अधिकारियों की कार्यशैली पर भी कई बार कटाक्ष किया है।