कमलनाथ ने बनाई भाजपा को घेरने की ‘रणनीति’
SEP 15 (WTN) – मध्य प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव नज़दीक आते जा रहे हैं कांग्रेस वैसे-वैसे भाजपा पर हमलावर होती जा रही है। लगातार 15 सालों से सत्ता से दूर कांग्रेस इस बार सोची समझी रणनीति के तहत भाजपा को घेरना चाहती है। दिनों दिन बढ़ती पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें और राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की ज़ोरदार प्लानिंग की है।
रोज रोज बढ़ते तेल के दामों पर तंज कसते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य की भाजपा सरकार को एक निराला सुझाव दिया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार को सुझाव दिया है कि पेट्रोल के दाम घटाने के लिए शराब पर टैक्स बढ़ाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने एक निजी न्यूज़ चैनल से बातचीत में कहा, “पेट्रोल के दाम घटाने के लिए सरकार को हरसम्भव कोशिश करनी चाहिए जिससे जनता को महंगाई से राहत मिले। इसके लिए शराब पर भी टैक्स बढ़ाना चाहिए।“ राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कमलनाथ ने कहा, “पेट्रोल और डीज़ल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में घटें है, लेकिन मध्य प्रदेश में इसके दाम बढ़ते जा रहे हैं।“
प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों को भाजपा का संरक्षण मिलता है। शेल्टर होम रेप केस पर कमलनाथ ने कहा कि इस मामले की गम्भीरता से जांच होना चाहिए। इतना ही नहीं, कमलनाथ ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में हर घण्टे महिला से अपराध का कोई ना कोई ऐसे केस सामने आ ही जाता है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ जिस तरह से राज्य की भाजपा सरकार पर तंज कस रहे हैं, उससे तो साफ़ ज़ाहिर होता है कि पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दाम और कानून व्यवस्था के नाम पर कांग्रेस चुनाव मैदान में उतरेगी। यदि इन दोनों मुद्दों पर कांग्रेस जनता को समझाने में कामयाब हो गई तो विधानसभा चुनाव में लगातार चौथी बार जीत भाजपा के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगी।