शिवराज सिंह चौहान ने साधा राहुल गांधी पर निशाना, कहा, “आप हैं फन मशीन”
SEP 25 (WTN) - भोपाल में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता महाकुम्भ में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और उन्हें ‘फनमशीन’ का तमगा दे डाला। राहुल गांधी के घोषणा मशीन वाले बयान का जवाब देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा,”मैं तो सिर्फ़ घोषणा ही नहीं करता हूं बल्कि पोषणा भी करता हूं, लेकिन राहुल गांधी तो ऐसी बातें करते हैं जिससे लगता है कि वे ‘फनमशीन’ हैं।“
आगे शिवराज सिंह चौहान ने कहा,“कांग्रेस के युवराज आए थे, मुझे ‘घोषणा की मशीन’ बोल कर गए, लेकिन उन्हें यह पता होना चाहिए कि घोषणा वही करता है, उसे साकार वही करता है, जिसके दिल में जनता की कल्याण की भावना हो, आप तो ‘फनमशीन’ हैं।“
अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “हमने राज्य में बेहतरीन सड़कों का जाल बिछाया, किसान और गरीब कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की। पिछले एक साल में ही हमने किसानों को अलग-अलग योजनाओं के तहत लगभग 33 हज़ार करोड़ रुपए दिये हैं।“
आगे शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी काफ़ी कुछ किया है। मोदी जी ने किसानों को लागत में 50% लाभ जोड़कर फसल का मूल्य देने की घोषणा की थी, आज किसान को उसके पसीने का पूरा मूल्य मिल रहा है, हमने जो कहा वह करके दिखाया।“
विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ता का आह्वान करते हुए कहा कि समृद्ध मध्य प्रदेश को हम नए भारत का आधार बनाएंगे, जिसमें कृषि लागत कम कर किसान की आय बढ़ाएंगे, युवाओं का स्किल डेवलपमेंट करेंगे और महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण करेंगे।