HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

शेयर मार्केट की गिरावट के ‘लपेटे’ में आए देश के सबसे अमीर लोग

09 Oct 2018
शेयर मार्केट में अमीरों को आया ‘पसीना’, गिरावट के कारण नेटवर्थ हुई ‘कम’

OCT 09 (WTN) – लगातार कई दिनों से जारी शेयर बाज़ार की गिरावट से बड़े-बड़े कारोबारियों को पसीना आ गया है और उन्हें हज़ारों करोड़ का देखते ही देखते नुकसान हो गया है। बाज़ार में गिरावट की सुनामी में फोर्ब्स के अनुसार भारत के 10 सबसे अमीर लोगों में शामिल मुकेश अंबानी, कुमार मंगलम बिड़ला और गौतम अडानी को देखते ही देखते भारी नुकसान हुआ है और उनकी नेटवर्थ कम हो गई है।
 
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक़, कुमार मंगलम बिड़ला की 8 ग्रुप कम्पनियों की मार्केट वैल्यू में क़रीब 60 हज़ार करोड़ रुपये की गिरावट आ चुकी है। हालत यह है कि उनकी 6 कम्पनियों के शेयर इस साल लगभग 70 प्रतिशत तक गिर चुके हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस साल जनवरी में बिड़ला की सम्पत्ति क़रीब 9.38 अरब डॉलर थी जो अब घटकर सिर्फ़ 5.91 अरब डॉलर हो गई है। मतलब उनको इस दौरान लगभग 23.3 हज़ार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
 
अब आपको बताते हैं गौतम अडानी के बारे में, तो इस साल गौतम अडानी को अभी तक क़रीब 28 हजार करोड़ रुपये का यानि कि क़रीब 3.8 अरब डॉलर का घाटा हो चुका है। जानकारी के मुताबिक़, इस साल जनवरी में अडानी की सम्पत्ति लगभग 11 अरब डॉलर थी जो अब घटकर सिर्फ़ 6.57 अरब डॉलर ही रह गई है। उनकी 5 कम्पनियों अडानी एंटरप्राइजेस, अडानी पोर्ट और सेज़, अडानी पावर और अडानी ट्रांसमिशन के मार्केट कैप में देखते ही देखते क़रीब 40,494 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
 
अब आपको बताते हैं भारत के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अम्बानी को हुए नुकसान के बारे में। रिलायंस इण्डस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अम्बानी की नेट वर्थ 28 अगस्त 2018 को क़रीब 3.7 लाख करोड़ रुपए यानि कि 50.7 अरब डॉलर थी। मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक़, मुकेश अम्बानी की नेट वर्थ अब सिर्फ़ 2.9 लाख करोड़ रुपये यानि कि 39.5 अरब डॉलर ही रह गई है। साफ़ है कि पिछले दो महीने में मुकेश अम्बानी को क़रीब 82 हज़ार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है।
 
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभी पांच अक्टूबर को ही शेयर मार्केट में जोरदार गिरावट देखने को मिली थी। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 792.17 अंकों की गिरावट के साथ 34,376.99 पर और निफ्टी 282.80 अंकों की गिरावट के साथ 10,316.45 पर बंद हुआ। पांच तारीख से लेकर तीन दिनों के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 2,149.15 अंक नीचे गिरा था जिससे निवेशकों समेत कारोबारियों को लाखों करोड़ों का नुकसान हुआ था। आपको बता दें कि इस समय शेयर बाज़ार में स्थिति खराब है। इसकी वजह से मार्केट ऑल टाइम हाइ से लगभग 15 प्रतिशत नीचे आ चुका है। इतना ही नहीं पिछले दिनों जब 4 अक्टूबर को सेंसेक्स 806 अंक नीचे गिर गया था, तो यह पिछले 5 सालों में 5वीं सबसे बड़ी गिरावट थी।
 
कहा जा रहा है कि आने वाले समय में ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध, अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध और मध्य प्रदेश समेत तीन राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के परिणामों का भी नकारात्मक असर शेयर बाज़ार पर पड़ सकता है, और यदि ऐसा रहा तो साल के आख़िरी तक बीएसई सेंसेक्स 32,000 से नीचे और एनएसई 9,000 से नीचे जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो देश के अमीरों की सम्पत्ति में और भी कमी हो सकती है।