भारत में गूगल पर सबसे ज़्यादा सर्च की गईं मलयालम अभिनेत्री प्रिया प्रकाश वारियर
DEC 13 (WTN) – गूगल पर हर सेकेण्ड सर्च चलता ही रहता है। हर साल गूगल पर लोग करोड़ों की संख्या में लोगों के बारे में जानने के लिए सर्च करते हैं। इस साल यानि कि 2018 में भी लोगों ने कई लोगों के बारे में गूगल पर सर्च किया। इस साल जिन नामों की चर्चा सबसे ज़्यादा हुई और गूगल पर जिन्हें सबसे अधिक सर्च किया गया, उनकी लिस्ट सामने आ गई है।
आंख मारकर इंटरनेट पर छा जाने वाली मलयालम फ़िल्मों की अभिनेत्री
प्रिया प्रकाश वारियर, अमेरिकी सिंगर निक जोनस और हरियाणवी डांसर सपना चौधरी सभी पर भारी पड़े हैं। यदि क्रम की बात करें तो ये तीनों ही सितारे भारत में गूगल पर सर्च किये जाने के मामले में क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं, वहीं चौथे स्थान पर प्रियंका चोपड़ा और पांचवें नम्बर पर अभिनेत्री सोनम कपूर के पति आनंद आहूजा हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हर साल के आखिरी में गूगल की तरफ़ से अलग-अलग क्षेत्रों में टॉप सर्च किए गए लोगों की लिस्ट जारी की जाती है। भारत में सर्च किए लोगों की लिस्ट में इस बार बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ा है कुछ नए नामों ने। प्रिया प्रकाश वारियर का नाम पहली बार इस साल फरवरी में सामने आया था, जब उनका चंद सेकेण्ड का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह आंख मारती और मटकाती नज़र आई थीं। प्रिया की इन अदाओं का दीवाना पूरा देश हो गया था और जिसके बाद गूगल पर प्रिया को काफी सर्च किया गया।
वहीं गूगल सर्च में दूसरे स्थान पर रहे अमेरिकी सिंगर निक जोनस जिन्होंने हाल ही में भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा से शादी की है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस साल के शुरुआत में दोनों के अफेयर की खबरें पहली बार सामने आई थीं। चूंकि निक प्रियंका से 11 साल छोटे हैं, इसी कारण से निक जोनस के बारे में लोगों को जानने की काफ़ी उत्सुकता थी और इसी कारण निक जोनस को भी गूगल पर काफ़ी सर्च किया गया।
गूगल सर्च में तीसरे नम्बर पर हैं हरियाणवी डांसर सपना चौधरी। अपने डांस और गानों के लिए प्रसिद्ध सपना चौधरी इस साल के शुरुआत में काफ़ी चर्चा में रहीं थीं जब वे बिग बॉस के 11वें सीजन में आईं। सपना चौधरी के डांस और गानों के लिए गूगल पर काफ़ी सर्च किया जाता है। इतना ही नहीं, साल 2018 में सर्च के मामले में पूरी दुनिया के ऐक्टर्स में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी 9वें नम्बर पर हैं।
गूगल सर्च में चौथे स्थान पर रहीं प्रियंका चोपड़ा। अपने से 11 साल छोटे निक जोनस से अफेयर और उसके बाद शादी के कारण पूरे साल भर प्रियंका चोपड़ा चर्चाओं में रहीं। इन्हीं कारणों से प्रियंका चोपड़ा के बारे में और जानने के लिए गूगल पर लोगों ने उन्हें काफ़ी सर्च किया।
गूगल सर्च में पांचवें नम्बर पर रहे अभिनेत्री सोनम कपूर के पति आनंद आहूजा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मई में सोनम कपूर और आनंद आहूजा की शादी हुई थी। आनंद आहूजा फ़िल्मी बैकग्राउंड से नहीं आते हैं, ऐसे में सोनम कपूर किससे शादी करेंगी ये जानने के लिए उनके फैंस काफ़ी उत्सुक थे और इसलिए सोनम कपूर के पति आनंद आहूजा को जानने के लिए गूगल पर उन्हें खूब सर्च किया गया।
वहीं इस सूची में छठवें नम्बर पर सारा अली खान, सातवें नम्बर पर सलमान खान, आठवें नम्बर पर ब्रिटिश राजकुमार हैरी से शादी करने वालीं अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मर्केल, नौवें नम्बर पर भजन गायक अनूप जलोटा और दसवें नम्बर पर श्रीदेवी के पति बोनी कपूर हैं।
वहीं जॉन अब्राहम की फिल्म सत्यमेव जयते का गाना दिलबर-दिलबर सबसे ज़्यादा सर्च लिस्ट में शामिल रहा। इस गाने में नोरा फतेही के डांस को फैंस ने काफ़ी पसंद किया। रजनीकांत की फिल्म रोबोट 2.0 भी टॉप सर्च में शामिल है। देश की अब तक की सबसे महंगी फिल्म इस फिल्म को बॉक्स ऑफ़िस पर पर भी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
वहीं गूगल पर “हाउ टू” यानि कि “कैसे करें” में सबसे ज़्यादा सर्च किया गया व्हॉट्सएप पर स्टीकर कैसे भेजें, आधार में मोबाइल लिंक कैसे करें, रंगोली कैसे बनाएं, मोबाइल नम्बर पोर्ट कैसे करें और बिटकॉइन में निवेश कैसे करें सर्च किया गया। इधर, “व्हॉट इज” यानि कि “क्या है” के गूगल पर टॉप सर्च हैं; धारा 377 क्या है, सीरिया में क्या चल रहा है, किकी चैलेंज क्या है, मी टू क्या है।