अप्रैल से भोपाल में खुलेगा सीबीएसई का रीजनल सेन्टर
JAN 21 (WTN) – सालों से जिस समस्या का सामना मध्य प्रदेश स्थित सीबीएसई स्कूलों के संचालकों और उसमें पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को करना पड़ रहा था, अब उस समस्या से निजात मिल गई है। जी हां अब मध्य प्रदेश में स्थित सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और उनके माता-पिता को सीबीएसई से सम्बन्धित समस्याओं के समाधान के लिए अब अजमेर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि अब सीबीएसई का रीज़नल सेन्टर भोपाल में अप्रैल से एमपी नगर में शुरू होने होने जा रहा है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सीबीएसई के इस रीजनल सेंटर के खुलने से सीबीएसई स्कूलों की सम्बद्धता, स्कूलों की मान्यता, मार्कशीट में किसी भी तरह की ग़लतियों में सुधार और मूल्यांकन समेत सीबीएसई के सारे काम यहीं से होंगे। अप्रैल से शुरू होने वाले इस रीजनल सेंटर की क्षेत्रीय अधिकारी बीनू जोशी को बनाया गया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सालों से मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के सीबीएसई स्कूलों का पूरा काम अजमेर केन्द्र से होता आ रहा है। जिसके कारण स्कूल संचालकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को छोटे से छोटे काम के लिए भी अजमेर जाना पड़ता था। लेकिन सभी की परेशानी को ध्यान में रखते हुए अब सीबीएसई ने मध्य प्रदेश के लिए रीजनल सेन्टर भोपाल में बनाने कै फ़ैसला लिया है। अब इसी साल से सीबीएसई की परीक्षा, रिजल्ट समेत अन्य काम भोपाल स्थित सेन्टर से ही होंगे।
भोपाल में सीबीएसई का रीजनल सेन्टर होने से ना केवल स्कूलों को अब मान्यता समेत दूसरे कामों के लिए बार-बार अजमेर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, वहीं सीबीएसई स्कूलों से सम्बन्धित शिकायतों के लिए अब विद्यार्थियों के माता-पिता को भी अजमेर जाने की परेशानी नहीं उठाना पड़ेगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि किसी भी तरह की शिकायत के लिए भोपाल स्थित सीबीएसई के रीजनल सेन्टर में एक हेल्पलाइन नम्बर भी होगा।