होशंगाबाद में मेंटेनेंस के कारण कामायनी समेत कई ट्रेनों के रूट में परिवर्तन
JAN 31 (WTN) – यदि आप कामयानी एक्सप्रेस, उद्योगकर्मी एक्सप्रेस या फ़िर पंचवेली पैसेंजर से भोपाल-इटारसी रूट पर 13 फरवरी तक सफ़र करने के मूड में हैं, तो पहले इस ख़बर को ध्यान से पढ़ लें। क्योंकि होशंगाबाद स्टेशन के पास तीसरी लाइन जोड़ने और मेंटेनेंस के चलते कामायानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के मार्ग में रेलवे ने बदलाव किया है, वहीं कई ट्रेनों को कुछ दिनों के लिए निरस्त भी कर दिया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि होशंगाबाद में चल रहे तीसरी लाइन के काम और मेंटेनेंस के कारण भोपाल से गुजरने वाली क़रीब एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित होंगी। मेंटेनेंस के कारण वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलने वाली कामायनी एक्सप्रेस आज यानि कि 31 जनवरी से लेकर 11 फरवरी तक भोपाल से होकर नहीं गुजरेगी। परिवर्तित रूट पर यह ट्रेन इटारसी-जबलपुर-कटनी होकर चलेगी।
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक़ झांसी से इटारसी के बीच चलने वाली अप और डाउन दोनों पैसेंजर ट्रेन निरस्त रहेंगी। झांसी-इटारसी पैसेंजर 31 जनवरी से 11 फरवरी निरस्त रहेगी, वहीं इटारसी-झांसी पैंसेजर भी 31 जनवरी से 11 फरवरी तक निरस्त रहेगी।
वहीं इन्दौर से छिन्दवाड़ा के बीच चलने वाली पंचवेली पैसेंजर 1 से 12 फरवरी तक निरस्त रहेगी, तो छिंदवाड़ा-इन्दौर पंचवेली पैसेंजर 2 से 13 फरवरी तक कैंन्सिल रहेगी।
भोपाल से गुजर कर वलसाड़ से कानपुर के बीच चलने वाली उद्योगकर्मी एक्सप्रेस 6 फरवरी को इटारसी-भोपाल रूट से ना जाकर वलसाड-सूरत-नागदा-संतहिरदारामनगर-भोपाल होकर कानपुर जाएगी। वहीं कानपुर-वलसाड़ व्हाया भोपाल होकर जाने वाली उद्योगकर्मी एक्सप्रेस 1 और 8 फरवरी को भोपाल-इटारसी रूट के बजाय भोपाल-संत हिरदारामनगर-नागदा-सूरत होते हुए वलसाड़ जाएगी।