HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

सस्ता हो सकता है टीवी देखना; सर्विस प्रोवाइडर दे सकते हैं अपने ग्राहकों को नेटवर्क कैपिसिटी फीस में छूट

08 Feb 2019
ट्राई ने टीवी पर मनोरंजन महंगा होने के दावे को किया खारिज

FEB 08 (WTN) – क्या ट्राई की नई ब्राडकास्ट टैरिफ़ व्यवस्था के कारण आपके केबल टीवी और डीटीएच का बिल बढ़ गया है? यदि आपको ऐसा लगता है, तो आपकी इस बार का समर्थन किया है क्रिसिल ने, जिसने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि नई ब्राडकास्ट टैरिफ व्यवस्था के कारण केबल टीवी और डीटीएच के ग्राहकों का बिल बढ़ गया है। लेकिन क्रिसिल के दावों के उलट, भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण यानि कि ट्राई ने नई ब्राडकास्ट टैरिफ व्यवस्था से केबल टीवी और डीटीएच ग्राहकों के बिल में बढ़ोतरी के दावों को पूरी तरह से नकार दिया है।
 
ट्राई के चेयरमैन राम सेवक शर्मा के मुताबिक़, क्रिसिल की रिपोर्ट टीवी वितरण बाजार की अपर्याप्त समझ के आधार पर बनाई गई थी। शर्मा के अनुसार रिपोर्ट का दावा ग़लत है कि नई व्यवस्था से केबल टीवी और डीटीएच महंगा हो गया है। क्रिसिल की रिपोर्ट को खारिज करते हुए ट्राई का कहना है कि यह रिपोर्ट अखिल भारतीय स्तर पर टॉप चैनल्स के चयन के आधार पर टीवी रेटिंग एजेंसी बार्क की केवल एक सप्ताह की रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गई है।
 
टीवी पर मनोरंजन महंगा होने के आरोपों के बीच ट्राई का कहना है कि आगामी तीन महीनों में उम्मीद है कि टीवी चैनल्स की क़ीमतों में कमी होगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि क्रिसिल ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि ट्राई की नई गाईडलाइन के मुताबिक़ नेटवर्क कैपिसिटी फीस और ब्राडकास्टर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स द्वारा घोषित चैनलों की क़ीमत के कारण ज्यादातर ग्राहकों को अब टीवी पर मनोरंजन महंगा पड़ने वाला है।

इधर ट्राई का कहना है कि नये नियमों के तहत सर्विस प्रोवाइडर अपने ग्राहकों को नेटवर्क कैपिसिटी फीस में छूट दे सकते हैं या फ़िर इसे पूरी तरह से मुफ़्त कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ट्राई ने 1 फरवरी से टीवी चैनल्स के लिए नये नियमों को लागू  किया है जो कि केबल टीवी और डीटीएच दोनों पर लागू हुए हैं। इन नियमों के मुताबिक़ टीवी उपभोक्ताओं को अब सिर्फ़ उन्हीं चैनल्स के लिए भुगतान करना होगा जो वे देखना चाहते हैं।