HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

यात्रियों को मिली रिजर्वेशन चार्ट ऑनलाइन देखने की सुविधा!

09 Mar 2019
सीट के लिए टीटीई के पास ‘गुहार’ लगाने से मिली मुक्ति, अब अपने मोबाइल पर ही देखिए रिजर्वेशन चार्ट!

MAR 09 (WTN) – यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने रिजर्वेशन चार्ट को सार्वजनिक करके एक क्रान्तिकारी कदम उठाया है। ऐसा होने से यात्रियों को अब पता चल सकेगा कि किस ट्रेन में कितनी सीटें खाली हैं। इस नई सुविधा के बाद आप किसी भी ट्रेन के रिजर्वेशन चार्ट को आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर बड़े ही आसानी से देख सकते हैं। रेलवे का दावा है कि रिजर्वेशन चार्ट को सार्वजनिक करने के बाद यात्रियों को खाली सीटों के लिए टीटीई के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
 
जानकारी के मुताबिक, रिजर्वेशन चार्ट बनने के बाद रेलवे इसको आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर अपलोड करेगा। इसमें ट्रेन छूटने के 4 घण्टे पहले जो चार्ट बनेगा उसे वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा, वहीं दूसरा चार्ट ट्रेन छूटने के 30 मिनट पहले अपलोड होगा। इस दूसरे चार्ट में पहले चार्ट के बाद कैन्सिल हुई टिकटों के बाद खाली सीटों की भी जानकारी होगी। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर अपलोड होने वाले रिजर्वेशन चार्ट को डेस्कटॉप और मोबाइल, दोनों ही वर्जन में देखा जा सकेगा।
 
रिजर्वेशन चार्ट के सार्वजनिक होने से सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को यह होगा कि इस चार्ट में खाली सीटों को देखकर यात्री टीटीई से सीट अलॉट करने के लिए कह सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस रिजर्वेशन चार्ट को देखने के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट में लॉगिन करने की बाध्यता नहीं रखी है यानि कि कोई भी रिजर्वेशन चार्ट को देख सकता है।
 
रेलवे द्वारा अपलोड किये जाने वाले रिजर्वेशन चार्ट को देखने के लिए सबसे पहले आपको आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट ओपन होने के बाद बुक योर टिकट वाली विंडो में आपको सबसे नीचे पीएनआर स्टेटस के पास में चार्ट वैकेंसी का ऑप्शन दिखाई देगा जिसे आपको क्लिक करना है।
 
जैसे ही आप इस ऑप्शन पर क्लिक करेंगे आपके सामने नई विंडो ओपन होगी। इस विंडो में आपको सम्बन्धित ट्रेन का नाम या नम्बर, यात्रा की तारीख और बोर्डिंग स्टेशन की जानकारी देनी होगी। इस पूरी जानकारी को भरने के बाद आपको गेट ट्रेन चार्ट पर क्लिक करना होगा। जैसे ही आप इस पर क्लिक करेंगे, आपके सामने एक और विंडो ओपन होगी जिसमें आपको कोच की श्रेणियां दिखाई देंगी। अब जिस क्लास के कोच में आपको रिजर्वेशन की स्थिति पता करा है उस कोच पर क्लिक करें।
 
जैसे ही आप सम्बन्धित कोच पर क्लिक करेंगे, आपके सामने एक और विंडो खुलेगी। इस विंडो में आपके सामने रिजर्वेशन की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। जैसे कि कौन सी सीट खाली है और कौन सी सीट किस स्टेशन से किस स्टेशन तक भरी रहेगी और किस स्टेशन से किस स्टेशन तक खाली रहेगी। यहां पर आपको ट्रेन का पूरा शेड्यूल भी दिखाई देगा, साथ ही आपको यह भी पता चल सकेगा कि ट्रेन कितनी लेट है।
 
ऑनलाइन रिजर्वेशन चार्ट से यात्रियों को यह फायदा होगा कि वे खाली सीटों पर ऑनलाइन भी टिकिट बुक करा सकेंगे, इसके लिए आपको खाली सीटों के ऑप्शन पर जाकर ट्रेन वाले सिम्बल पर क्लिक करना होगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यात्रियों की निजता का ध्यान रखते हुए रेलवे ने सिर्फ सीटों की ही जानकारी सार्वजनिक की है।