यह पाकिस्तान का ‘डर’ नहीं बल्कि उसकी ‘चाल’ है!
APR 08 (WTN) – आतंक और आतंकियों की शरणस्थली के रूप में पूरी दुनिया में कुख्यात पाकिस्तान में इन दिनों सुनियोजित तरीके से एक डर फैलाया जा रहा है, और यह डर फैलाया जा रहा है भारत का। जी हां पाकिस्तान में इन दिनों ख़ौफ है कि भारत उस पर एक बार फ़िर से सैन्य हमला कर सकता है। पाकिस्तान में यह बात और कोई नहीं बल्कि वहां के विदेश मंत्री कह रहे हैं कि उन्हें विश्वसनीय जानकारी मिली है कि भारत, पाकिस्तान पर नये तरह से हमला करने की ‘तैयारी’ कर रहा है।
भारत के कथित हमले की प्लानिंग से डरे पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांचों स्थायी सदस्यों के सामने भी पाकिस्तान ने अपनी चिन्ता जाहिर कर दी है। पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमले के बाद पूरी दुनिया में अलग-थलग पड़े पाकिस्तान के विदेश मंत्री कुरैशी का यहां तक कहना है कि बीते दिनों जब भारत ने बालाकोट में कार्रवाई की थी तो दुनिया के अन्य देशों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक़, पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने मुल्तान में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा, “हमारे पास पुख्ता जानकारी है कि भारत, पाकिस्तान पर नया हमला करने की रणनीति बना रहा है । हमारी जानकारी के अनुसार, 16 से 20 अप्रैल के बीच यह हमला हो सकता है।” हालांकि भारत द्वारा हमला किये जाने की बात का सबूत मांगे जाने पर कुरैशी ने इसका कोई जिक्र नहीं किया। शाह महमूद कुरैशी ने बस इतना कहा कि उन्हें अटैक की टाइमिंग को लेकर ‘विश्वसनीय जानकारी’ हासिल हुई है। पाक विदेश मंत्री कुरैशी ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान ने यह जानकारी देश के साथ बांटने पर ‘सहमति’ जताई है।
कुरैशी का कहना है कि भारत में ‘नए हादसे’ को लेकर ‘षड़यंत्र’ रचा जा सकता है, जिसका मकसद पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत की कार्रवाई को ‘सही’ ठहराना होगा। हालांकि, पाक विदेश मंत्री कुरैशी के इस ‘गैर जिम्मेदाराना’ बयान पर दुनिया के किसी भी देश ने कोई प्रतिक्रिया फिलहाल नहीं दी है, यहां तक कि पाकिस्तान में भी कुरैशी के बयान को किसी ने ‘गम्भीरता’ से नहीं लिया है। इस सबके बीच, भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से पाकिस्तानी विदेश मंत्री कुरैशी के दावे को ‘खारिज’ कर दिया गया है।
जैसा कि आप जानते हैं कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद, भारत ने खैबर पख्तूनख्वाह में स्थित बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को एयरस्ट्राइक के जरिये तबाह कर दिया था। बालाकोट में भारतीय वायु सेना द्वारा की गई एयरस्ट्राइक से हुई तबाही को छिपाने के लिए पाकिस्तान ने अपने देश के लोगों के साथ-साथ पूरी दुनिया के सामने कई बड़े झूठ बोले थे। पाकिस्तान ने पूरी कोशिश की थी बालाकोट हमले के बाद हुई तबाही के बारे में दुनिया को जानकारी ना लग सके।
दरअसल, भारत को पाकिस्तान के विदेश मंत्री की उस बात को गम्भीरता से लेना चाहिए, जिसमें उन्होंने कहा कि भारत में ‘नए हादसे’ को लेकर ‘षड़यंत्र’ रचा जा सकता है। कहीं ऐसा तो नहीं कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन एक बार फ़िर से भारत में किसी बड़े आतंकी हमले की फ़िराक में हो, और ऐसा करने के बाद वे इसकी पूरी जिम्मेदारी भारत पर डाल दें कि भारत ने ही यह आतंकी हमला कराया है ताकि पाकिस्तान पर हमले के लिए कोई ठोस कारण मिल सके।
ऐसे में विदेश नीति और रक्षा नीति के जानकारों का मानना है कि भारतीय सेना और सुरक्षा बलों को पहले से ज़्यादा सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों द्वारा भारत पर हमला करने के बाद इसका ठीकरा पाकिस्तान आसानी से भारत पर फोड सकता है कि हमने पहले ही कहा था कि भारत में हादसे के लिए षड़यंत्र हो सकता है। भारतीय खुफिया एजेंसियों को ऐसे किसी भी हमले को नाकाम करने के लिए जरूरी इनपुट मुहैया करना चाहिए ताकि आतंकियों की साजिश नाकाम हो सके।