HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

यदि सही साबित हुए एग्ज़िट पोल तो विपक्ष को मिलेगा ‘सबक़’!

20 May 2019
एग्ज़िट पोल के मुताबिक़ देश की जनता ने फ़िर जताया मोदी सरकार पर ‘विश्वास’!

MAY 20 (WTN) – लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मतदान सम्पन्न होने के बाद अब सभी को 23 मई को आने वाले नतीज़ों का इंतज़ार है। लेकिन नतीज़ों के पहले आए एग्ज़िट पोल ने विपक्ष की नींद उड़ा दी है। जी हां लगभग सभी एग्ज़िट पोल्स के मुताबिक़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में NDA लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में वापसी करने जा रहा है और विपक्ष की सारी रणनीतियां फेल होती नज़र आ रही हैं।

सभी एग्ज़िट पोल एकमत से एनडीए की सरकार बनने की भविष्यवाणी कर रहे हैं। इण्डिया टुडे-एक्सिस-माई-इण्डिया एग्ज़िट पोल के अनुसार, एनडीए को 542 लोकसभा सीटों में से 339 से 365 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं UPA को इस चुनाव में 77 से 108 सीट मिलती दिख रही हैं, तो क्षेत्रीय और अन्य दलों को 69 से 95 सीट मिलने का अनुमान है।

वहीं एबीपी न्यूज़-नीलसन के एग्ज़िट पोल के मुताबिक़, 542 सीटों में से एनडीए के खाते में 277 सीटें, यूपीए के खाते में 130 सीटें और अन्य के खाते में 135 सीटें जाने का अनुमान है। न्यूज़18-Ipsos के एग्ज़िट पोल की मानें, तो एनडीए को 542 में से 336 सीटें, यूपीए को 82 सीटें और अन्य को 124 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है।

न्यूज़ नेशन न्यूज़ चैनल के एग्ज़िट पोल के मुताबिक़, एनडीए को इस बार लोकसभा चुनाव में 290 सीटें मिलने का अनुमान है, वहीं यूपीए को 126 और अन्य को 138 के क़रीब सीटें मिल सकती हैं। वहीं रिपब्लिक-सीवोटर एक्ज़िट पोल के मुताबिक़, एनडीए को 287 सीटें मिलने का अनुमान है, वहीं यूपीए को 128 और अन्य को 127 सीटें मिल सकती हैं।

इण्डिया न्यूज़ के एग्ज़िट पोल के मुताबिक, एनडीए को 298 सीटें मिलने का अनुमान है, वहीं यूपीए 118 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है। बात करें अन्य की. तो अन्य को 127 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। इधर टाइम्स नॉउ-वीएमआर के एग्ज़िट पोल के अनुसार, एनडीए को 306, यूपीए को 132 और अन्य को 104 सीटें मिल सकती हैं।

इन सभी एग्ज़िट पोल का यदि विश्लेषण किया जाए, तो एक बात तो साफ़ है कि एनडीए एक बार फ़िर से सरकार बनाने जा रही है। ज़ाहिर है कि भाजपा देश के मतदाताओं में यह सन्देश देने में कामयाब रही कि उसने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है, और आतंकवाद के साथ उसने कोई भी समझौता नहीं किया है। प्रधानमंत्री मोदी की छवि और राष्ट्रवाद, यह वे दो पहलू हैं जिनके कारण हो सकता है कि देश में एक बार फ़िर से भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बन जाए।

यदि एग्ज़िट पोल सही साबित होते हैं, तो यह विपक्षी दलों के लिए एक बहुत बड़े झटके के साथ-साथ एक बहुत बड़ा सबक़ होगा। ऐसा इसलिए, क्योंकि जिस तरह का निगेटिव प्रचार विपक्ष ने किया है उसे मतदाताओं ने नकार दिया है। राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेताओं ने जस तरह के शब्दों और भाषा का प्रयोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ख़िलाफ़ किया है, उसे देश की जनता ने स्वीकार नहीं किया है। खैर एग्ज़िट पोल तो चुनाव परिणामों का एक अनुमान मात्र होते हैं, परिणाम तो 23 मई को सामने आएंगे कि देश की जनता ने किया फ़ैसला किया?