HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

2019 लोकसभा चुनाव के ‘महामुक़ाबले’!

22 Mar 2019
अमेठी, आसनसोल, मुजफ़्फ़रनगर, मुम्बई नॉर्थ सेन्ट्रल और तिरअनंतपुरम में दिग्गजों के बीच ‘मुक़ाबला’
 

MAR 22 (WTN) – 2019 के लोकसभा चुनाव सभी राजनीतिक दलों के लिए काफ़ी महत्वपूर्ण हैं, जहां एक तरफ़ भाजपा फ़िर से सत्ता में वापसी करना चाहेगी तो वहीं दूसरी तरफ़ कांग्रेस पिछले लोकसभा चुनाव में हुई करारी हार का बदला लेना चाहेगी। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति पर काम कर रहे हैं, ताकि ज़्यादा से ज़्यादा सीटों पर जीत हासिल की जा सके।
 
इस सबके बीच, कुछ सीटें ऐसी हैं जहां पर महामुक़ाबला होने जा रहा है। महामुक़ाबला यानि कि दो बड़े दिग्गज नेताओं के बीच जीत के लिए सीधी लड़ाई। महामुक़ाबले की इन सीटों पर सभी की निगाहें टिकी हुईं हैं कि इन दिग्गज नेताओं में से किसे जीत हासिल होगी। ऐसी ही कुछ सीटों के बारे में हम आपको बताते हैं, जहां पर दो बड़े नेताओं की किस्मत का फ़ैसला वहां की जनता करने वाली है।
 
अमेठी
गांधी परिवार की परम्परागत अमेठी सीट पर इस बार फ़िर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और मोदी सरकार में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच सीधा मुक़ाबला है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भी राहुल गांधी और स्मृति ईरानी के बीच चुनावी टक्कर हुई थी, लेकिन उसमें राहुल गांधी जीत हासिल करने में सफल रहे थे। अमेठी में पिछले पांच सालों से सक्रिय स्मृति ईरानी को भाजपा ने एक बार फ़िर से टिकट देकर राहुल गांधी को घेरने की रणनीति बनाई है।
  
बागपत
जाट बाहुल्य बागपत लोकसभा सीट पर इस बार तगड़ा मुक़ाबला देखने मिलेगा। बागपत सीट से राष्ट्रीय लोक दल ने जहां जयंत चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा है, तो वहीं भाजपा ने सत्यपाल सिंह को टिकट दिया है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में सत्यपाल सिंह ने जयंत चौधरी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे अजित सिंह को इसी सीट से हराया था। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जयंत चौधरी, सपा-बसपा-रालोद के संयुक्त उम्मीदवार हैं।
 
मुजफ़्फ़रनगर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश का जाटलैण्ड कहे जाने वाले मुजफ़्फ़रनगर में भी इस बार बड़ा राजनीतिक मुक़ाबला देखने मिलेगा। मुजफ़्फ़रनगर से राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष अजित सिंह चुनाव लड़ रहे हैं, तो इस सीट पर भाजपा ने संजीव बालियान को एक बार फ़िर से टिकट दिया है। जाट बाहुल्य इस सीट पर अजित सिंह सपा-बसपा-रालोद के संयुक्त प्रत्याशी हैं, ऐसे में भाजपा प्रत्याशी संजीव बालियान के लिए इस बार जीत की राह आसान नहीं होगी।
 
तिरुअनंतपुरम
दक्षिण के राज्य केरल की राजधानी तिरुअनंतपुरम लोकसभा सीट पर इस बार ज़ोरदार मुक़ाबला देखने मिल सकता है। इस सीट पर जहां कांग्रेस ने मौजूदा सांसद शशि थरूर को टिकट दिया है, तो वहीं भाजपा ने इस सीट से मिजोरम के पूर्व गवर्नर के राजशेखर को मैदान में उतारा है। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए ही राजशेखर ने गवर्नर पद से इस्तीफा दिया था। कहा जा रहा है कि सबरीमला मुद्दे के बाद इस सीट पर भाजपा, कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे सकती है।
 
मुम्बई नॉर्थ सेन्ट्रल
भाजपा के कद्दावर नेता रहे प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन को भाजपा ने इस बार फ़िर से मुम्बई नॉर्थ सेन्ट्रल सीट से टिकट दिया है, तो वहीं कांग्रेस ने भी एक बार फ़िर से भूतपूर्व केन्द्रीय मंत्री सुनील दत्त की बेटी प्रिया दत्त को चुनाव मैदान में पूनम महाजन के ख़िलाफ़ उतारा है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में पूनम महाजन ने इस सीट से प्रिया दत्त को शिकस्त दी थी।
 
आसनसोल
पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा ने एक बार फ़िर से गायक बाबुल सुप्रियो को टिकट दिया है, तो वहीं ममता बनर्जी ने इस सीट पर भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए अभिनेत्री मुनमुन सेन को टीएमसी के टिकट पर मैदान में उतारा है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मुनमुन सेन ने पिछला लोकसभा चुनाव बांकुरा से जीता था। आसनसोल सीट पर गायक बाबुल सुप्रियो और अभिनेत्री मुनमुन सेन के बीच जोरदार मुक़ाबले की उम्मीद लगाई जा रही है।