HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

कमलनाथ सरकार कराएगी 3,600 तीर्थ यात्रियों को कुम्भ मेले में दर्शन

02 Feb 2019
हबीबगंज, बुरहानपुर, शिवपुरी और परासिया स्टेशन से रवाना होंगी कुम्भ स्पेशल ट्रेनें
 
FEB 02 (WTN) – मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार राज्य के 3,600 श्रद्धालुओं को प्रयागराज में चल रहे कुम्भ मेले में दर्शन कराने जा रही है। जानकारी के मुताबिक़ राज्य सरकार इसके लिए प्रदेश के चार अलग-अलग स्थानों से अलग-अलग ट्रेनों के जरिये 3,600 श्रद्धालुओं को ट्रेन से कुम्भ मेले में भेजने का प्रबंध कर रही है। इस पूरी यात्रा का खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाया जाएगा जिसमें यात्रियों को कई तरह की सुविधाएं दी जाएंगी।
 
जानकारी के मुताबिक़  12 फरवरी से प्रयागराज कुम्भ मेले के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के के तहत पहली विशेष ट्रेन को रवाना किया जाएगा। 12 फरवरी को विशेष ट्रेन हबीबगंज रेलवे स्टेशन से रवाना होगी, वहीं 14 फरवरी को बुरहानपुर से, 22 फरवरी को शिवपुरी से और 24 फरवरी को परासिया से कुम्भ मेले के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी। इन ट्रेनों के जरिये भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, बुरहानपुर, खण्डवा, हरदा, जबलपुर, परासिया, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, बीना, इटारसी, कटनी और नरसिंहपुर स्टेशन के तीर्थ-यात्रियों को यात्रा करने का मौका मिलेगा।
 
जानकारी के मुताबिक़, हबीबगंज से 12 फरवरी को चलने वाली ट्रेन में भोपाल, विदिशा, सागर और दमोह ज़िले के क़रीब 900 तीर्थ-यात्रियों को यात्रा का मौका मिलेगा। वहीं 14 फरवरी को बुरहानपुर से रवाना हो रही ट्रेन में बुरहानपुर, खण्डवा, हरदा और जबलपुर ज़िले के 900 तीर्थ यात्रियों को पवित्र कुम्भ मेले में जाने का सुअवसर प्राप्त होगा।

22 फरवरी को शिवपुरी से रवाना होने वाली तीर्थायात्री ट्रेन से शिवपुरी, अशोकनगर और कटनी ज़िले के 900 तीर्थयात्रियों को पवित्र संगम में स्नान करने का मौका मिलेगा। वहीं 24 फरवरी को परासिया से रवाना होने वाली ट्रेन में परासिया, छिंदवाड़ा, बैतूल, इटारसी, होशंगाबाद और नरसिंहपुर स्टेशन के 900 तीर्थयात्रियों को कुम्भ जाने का अवसर मिलेगा।
 
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि तीर्थ यात्रियों के लिए राज्य शासन ने पूरी व्यवस्था की है। हर ट्रेन में दस-दस सुरक्षाकर्मी तीर्थ-यात्रियों की सुरक्षा और देखभाल के लिए होंगे। ट्रेन में यात्रियों के लिए भोजन, चाय और नाश्ता के साथ-साथ प्रयागराज में रुकने की भी व्यवस्था कराई गई है। इतना ही नहीं, प्रयागराज में तीर्थयात्रियों को स्टेशन से कुम्भ मेला स्थल तक जाने और ले जाने के लिए बसों के साथ-साथ गाइड की भी व्यवस्था रहेगी।