95 लाख ट्रकों का चक्काजाम, हो सकती है लोगों को परेशानी
JULY 20 (WTN) – आज से मध्य प्रदेश समेत पूरे देशभर में करीब 95 लाख ट्रकों का चक्काजाम रहेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि ट्रांसपोर्टर्स की सबसे बड़ी यूनियन ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) अपनी मांगों को लेकर आज सुबह 6 बज से हड़ताल पर है। संगठन का कहना है कि उनकी मांगें पूरी ना होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
संगठन की मांग है कि डीज़ल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए। ट्रांसपोर्ट मालिकों का कहना है कि केंद्र और राज्य के करों में कटौती के जरिये डीज़ल की कीमतों में कमी करना चाहिए, साथ ही पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में हर रोज नहीं, बल्कि हर तीन महीने में संशोधन होना चाहिए।
इतना ही नहीं, संगठन की मांग है कि ट्रांसपोर्टर्स के लिए टोल बेरियर मुक्त होना चाहिए साथ ही थर्ड पार्टी बीमा में जीएसटी से छूट दी जाए। टोल बेरियर के बारे में यूनियन का कहना है कि वे टोल टैक्स के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि वे इसके कलेक्शन की कार्यप्रणाली के खिलाफ हैं। संगठन के मुताबिक इसमें कई ख़ामियां हैं और यह गैर-पारदर्शी है।