HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

तन्हाई दूर करने फेसबुक ने लॉन्च किया ‘Facebook Dating’ एप

07 Sep 2019
‘Facebook Dating’ एप के भारत में लॉन्चिंग का सभी को इंतज़ार

SEP 07 (WTN) – एक समय था जब दूर बैठे किसी व्यक्ति से भावनाओं की अभिव्यक्ति पत्र के माध्मय से ही ज़्यादा होती थी, क्योंकि टेलीफोन सुविधा हर किसी के पास नहीं थी। पत्र के माध्यम से भावानओं की अभिव्यक्ति का सिलसिला सालों तक चलता रहा। दूरसंचार क्रांति आने के बाद मोबाइल के ज़रिये बातों का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बार इंटरनेट क्रांति और हर हाथ में स्मार्टफोन आने के बाद सोशल मीडिया साइट्स का दौर शुरू हुआ, जिसने इंसान की ज़िन्दगी को बदलकर रख दिया।

सोशल मीडिया के दौर में दोस्त और लव पार्टनर सर्च करने के कई विकल्प मौजूद हैं। अब वो समय नहीं रहा कि दोस्ती या प्रेम गली-मुहल्ले, स्कूल-कॉलेज या फ़िर शहर के किसी परिचित से होता है। सोशल मीडिया साइट्स के चलते दोस्ती और प्रेम वैश्विक हो गये हैं। आपको कई ऐसे उदाहरण देखने,सुनने और पढ़ने मिल जाएंगे जहां विवाह करने वाले अलग-अलग देशों के नागरिक हैं।

काम के बढ़ते तनाव और भागदौड़ भरी ज़िन्दगी में सुकून के लिए इन्सान दोस्त या प्रेमी-प्रेमिका बनाने का सोचता है ताकि डेटिंग से उसका तनाव कम हो सके। अपने यूज़र्स की इसी ज़रूरत को पूरा करने और उसे डेटिंग पार्टनर सर्च करने की सुविधा देने के लिए फेसबुक ने ऑनलाइन डेटिंग सर्विस गुरुवार को अमेरिका में शुरू कर दी।

फेसबुक के इस ऐप का नाम ‘Facebook Dating’ है। जानकारी के मुताबिक़ यह एप यूज़र्स को अपने फेसबुक और इन्स्टाग्राम पोस्ट को एक अलग डेटिंग साइट पर लिंक करने की अनुमति देगा। यह एप करोड़ों यूज़र्स को आपस मे जोड़ने का काम करेगा। इस की सबसे बड़ी ख़ासियत यह है कि यह पूरी तरह से फ्री होगा, जबकि दूसरी डेटिंग साइट्स फ्री और पेड दोनों तरह के प्लान्स रखती हैं।

फेसबुक के इस प्रोजेक्ट के हेड नाथन शार्प ने अपने एक ब्लॉग पोस्ट में इस एप के बारे में जानकारी देते हुए लिखा है, "फेसबुक डेटिंग एप आपको आपके दोस्तों के दोस्तों से जुड़ने का मौक़ा देता है जो कि आपकी फ्रेंड लिस्ट में नहीं हैं। इसमें एक खास फ़ीचर है सीक्रेट क्रश। इसके ज़रिए वे लोग आपस में मिल सकते हैं जो लोग एक दूसरे को पसंद करते हैं, लेकिन वे इन सम्बन्धों को दुनिया के सामने ज़ाहिर नहीं करना चाहते हैं।” वैसे आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह साइट इसका इस्तेमाल करने वाले दोनों लोगों को तब तक मैच नहीं करेगी जब तक दोनों एक दूसरे के प्रति क्रश जाहिर नहीं करेंगे।

फेसबुक का कहना है कि हर किसी के जीवन में प्रेम का होना ज़रूरी है। वहीं किसी की ज़िन्दगी में पार्टनर का होना उसका निजी मामला है। कई लोग अपनी लव स्टोरी की छिपाकर रखना पसंद करते हैं। ऐसे में फेसबुक की यह सीक्रेट डेटिंग साइट उन लोगों के काम आएगी। फेसबुक का दावा है कि इस एप में सेफ्टी और सिक्युरिटी का काफ़ी ध्यान रखा गया है। इसमें यूज़र्स किसी को भी ब्लॉक करके रिपोर्ट कर पाएंगे। वहीं इसके फ़ीचर की मदद से किसी को भी फोटो या वीडियो भेजने से रोक पाएंगे।
 
दरअसल, फेसबुक के चीफ एक्जीक्युटिव मार्क ज़ुकरबर्ग ने पिछले साल इस प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए कहा था कि यह वास्तविक लॉन्ग टर्म रिलेशनशिप के लिए डिज़ाइन किया जा रहा है ना कि शार्ट टर्म रिलेशनशिप के लिए। ज़ुकरबर्ग ने कहा था कि अमेरिका में तीन में से एक शादी की शुरुआत ऑनलाइन होती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि फेसबुक का यह प्रोजेक्ट अमेरिका में काफ़ी लोकप्रिय होगा।
 
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फेसबुक डेटिंग एप अभी तक अमेरिका समेत दुनिया के 19 देशों में लॉन्च हो चुका है। वहीं यूरोप में इसे 2020 में लॉन्च किये जाने की योजना है। कम्पनी ने अभी इस सर्विस के भारत में लॉन्चिग के बारे में कुछ भी नहीं कहा है। चूंकि यह सर्विस साउथ इस्ट एशियन देशों में लॉन्च हो रही है, इसलिए आशा की जा सकती है कि जल्द ही इसे भारत में लॉन्च किया जाएगा।

ख़ैर अब देखना होगा कि भारत में कब तक फेसबुक का यह प्रोजेक्ट लॉन्च होता है, जिससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले देश भारत में भी डेटिंग के लिए पार्टनर सर्च करना आसान हो जाए। लेकिन आशंका व्यक्त की जा रही है कि भारत में इस तरह के डेटिंग साइट के आने से देह व्यापार को बढ़ावा मिल सकता है। यानि कि इस एप में नकारत्मकता है तो सकरात्मकता भी है। ख़ैर अब देखना होगा कि ‘Facebook Dating’ एप के भारत में लॉन्च होने के बाद लोगों की तन्हाई कितनी दूर होती है।