HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

जानिए RBI के नाम पर हो रहे हैं किस तरह के फ्रॉड?

22 Jul 2019
आपकी सतर्कता ही ऑनलाइन फ्रॉड से बचा सकती है आपको!
 
JULY 22 (WTN) – जैसा कि आप जानते हैं कि आधुनिक इंटरनेट युग में ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाएं दिनों-दिन बढ़ती ही जा रही हैं। ऑनलाइन फ्रॉड के कारण देश में सैकड़ों लोगों को अपनी बैंक की जमा राशि से हाथ धोना पड़ा है। दरअसल, जिस तेज़ी से लोगों का रूझान इंटरनेट बैंकिंग की तरफ़ बढ़ा है, उसी तेज़ी से बैंक फ्रॉड भी बढ़ते जा रहे हैं।

भारत में बैंकों के बैंक यानी कि रिज़र्व बैंक ऑफ़ इण्डिया द्वारा भी समय-समय पर लोगों को चेतावनी और समझाइश दी जाती है कि वे किस तरह से ऑनलाइन फ्रॉड से बच सकते हैं। दरअसल, ऑनलाइन फ्रॉड के लिए बहुत कुछ बैंक उपभोक्ता का लालच, नासमझी और लापरवाही ही जिम्मेदार रहती है।
 
देखा गया है कि कुछ ग्राहक RBI के नाम से आने वाले ईमेल के झांसे में आज जाते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि RBI कभी भी किसी भी बैंक के उपभोक्ता को सीधे कोई भी मेल नहीं करता है और ना ही एसएमएस भेजता है। भारत के केन्द्रीय बैंक भारतीय रिज़र्व बैंक ने RBI के नाम से आने वाले फर्जी ईमेल से बचने की सलाह दी है। रिज़र्व बैंक के मुताबिक़, आरबीआई के नाम से आने वाले ये ईमेल आपके बैंक अकाउंट में जमा आपकी कमाई को साफ़ कर सकते हैं।
 
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक के नाम पर कुछ फर्जी ईमेल भेजे जाते हैं। इन फर्जी ईमेल में कहा जाता है कि आप लॉटरी या ईनाम जीत चुके हैं और लाखों रुपये का इनाम हासिल करने के लिए वे ग्राहकों से प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज के तौर पर पैसे मांगते हैं। भारतीय रिज़र्व बैंक ने साफ किया है कि उसकी तरफ से ऐसे ईमेल और मैसेज कभी भी किसी को नहीं भेजे जाते हैं। साथ ही आरबीआई ने यह स्पष्ट किया है कि उसकी तरफ से लॉटरी जीतने अथवा विदेशों से पैसा आने जैसी कोई जानकारी ईमेल या एसमएस के जरिए नहीं भेजी जाती है।

दरअसल, लोगों को झांसे देने के लिए फ्रॉड करने वाले रिज़र्व बैंक के नाम पर फर्जी ईमेल भेजते समय 'आरबीआई' और 'रिज़र्व बैंक' जैसे नामों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन यदि आपको ऑनलाइन फ्रॉड से बचना है तो इस तरह के मेल आने पर यह ज़रूर पता करें कि यह मेल किस ईमेल एड्रेस से आया है। संदिग्ध लगने पर उस ईमेल को तुरन्त ही डिलीट कर दें। साथ ही याद रखें कि उस ईमेल में आपके बैंक खाते से सम्बन्धित मांगी गई जानकारी को आप शेयर ना करें। साथ ही याद रखें कि ईमेल में यदि कोई लिंक दी गई है तो भूलकर भी उस लिंक पर क्लिक ना करें, क्योंकि यदि आपने ऐसा किया तो आप ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार हो सकते हैं।

इतना ही नहीं, इन दिनों अब कुछ लोग आरबीआई के अधिकारी बन कर फर्जी ईमेल भेज रहे हैं और आरबीआई में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ने इसको लेकर भी एक बयान जारी किया है। इसमें उसने कहा है कि कुछ लोग उसके नाम पर फर्जी ईमेल भेज रहे हैं। ये लोग आरबीआई में भर्ती के नाम पर लोगों को इंटरव्यू के लिए बुला रहे हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आरबीआई ने अपने बयान में कहा है कि भर्ती सम्बन्धित विज्ञापन,परीक्षा, साक्षात्कार, प्रवेश कार्ड समेत भर्ती से जुड़ी अन्य जानकारी केन्द्रीय बैंक की आधिकारिक वेबसाइट www.rbi.org.in के जरिये ही प्रेषित की जाती हैं।
 
तो हमारी आपको सलाह है कि आरबीआई के नाम पर होने वाले फ्रॉड से बचने के लिए हमेशा सतर्क और सावधान रहें। आरबीआई के नाम से लॉटरी या ईनाम जीतने जैसे ईमेल आने पर उसे तुरन्त ही डिलीट कर दें। वहीं यदि किसी फर्जी वेबसाइट के जरिये आपको आरबीआई में नौकरी के लिए कॉल लेटर भेजा जाता है तो उसकी शिकायत तुरन्त ही निकट के पुलिस स्टेशन में करें। याद रखिए आपकी सावधानी में ही आपकी सुरक्षा है।