जानिए कैसे निख़ारे ख़ुद की पर्सनालिटी को
SEP 27 (WTN) – आप चाहते होंगे कि सभी आपको पसंद करे और आपकी तारीफ़ करें। लेकिन इसके लिए आपकी पर्सनालिटी यानि कि आपका व्यक्तित्व ऐसा होना चाहिए जिससे कि लोग आपकी तरफ़ आकर्षित हों और आपको पसंद करें। आज हम आपको बताते हैं आपकी पर्सनालिटी निख़ारने के कुछ उपाय। यदि आप इन उपायों को अपनाते हैं तो आप भी लोगों की पसंद ज़रूर बनेंगे।
अपने आस पास के लोगों को पसंद करें उनसे सीखें
संसार में कोई भी सम्पूर्ण नहीं है। हर व्यक्ति में यदि कुछ बुरी बातें हैं तो उसमें कुछ ना कुछ अच्छे गुण भी होते हैं। आपके आसपास जो लोग हैं उन्हें पसंद करना सीखिए, उनसे कुछ ना कुछ सीखिए। आप ऐसा करेंगे तो आपके आसपास रहने वाले लोग आपके अच्छे लगने लगेंगे और वो लोग भी आपके प्रति सकारात्मक भाव रखेंगे।
एक अच्छे श्रोता बनें
जब भी आप किसी से बात करें तो ध्यान रखें कि उसकी बात को ध्यान से सुनें और पूरा सुने। किसी के बोलत समय बार-बार बीच में टोकना सभ्यता नहीं है। जब आप किसी की बात को गौर से सुनेंगे तो आप अपनी बात उसी हिसाब से रख पाएंगे। आप जब किसी व्यक्ति की बातों को ध्यान से सुनेंगे तो वह व्यक्ति आपके प्रति स्वाभाविक रूप से आकर्षित होगा।
ख़ुद की ग़लतियां देखें
याद रखिए कि आप अपने आप में सम्पूर्ण नहीं हैं। यदि कोई आपको आपकी ग़लतियां बताता है तो उसे सहज़ता से स्वीकारें। क्योंकि आपकी ग़लती बताकर उसने आप में सुधार करने की कोशिश की है अर्थात वह आपका शुभचिन्तक है। यदि कोई आपकी ग़लती बताता है तो उसे धैर्यपूर्वक सुनिये और विनम्रता से उसका उत्तर दीजिए और साथ ही उसे धन्यवाद दीजिए।
माहौल और परिस्थिति के अनुसार पहनें कपड़ें
आपके व्यक्तित्व में आपके पहने हुए कपड़े काफ़ी असर डालते हैं। हमेशा परिस्थिति के अनुसार ही कपड़े पहनें। ऑफिस, किसी के घर जाने, किसी मांगलिक कार्य या शोक सभा आदि के लिए समय के अनुसार ही कपड़े पहनें। यदि आप माहौल और परिस्थिति के अनुसार कपड़े पहनेंगे तो इससे आपका व्यक्तित्व निखरेगा।
बोलने का तरीका हो सभ्य
आप क्या बोलते हैं, कैसा बोलते हैं और किस तरह के शब्दों का प्रयोग करते हैं, इस पर आपकी पर्सनालिटी काफ़ी निर्भर करती है। हमारी आपको सलाह है कि जब भी किसी से बात करें तो काफ़ी सोच समझकर बोलें। कभी भी ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करे जिससे किसी का अपमान हो। जब भी किसी से बात करें तो सभ्यता से धीरे-धीरे बोलें और अपनी बात रखें। यदि आप ऐसा करते हैं तो आप किसी भी व्यक्ति का दिल आसानी से जीत सकते हैं।