HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

यदि जा रहे हैं विदेश, तो करना ना भूलें यात्रा बीमा

23 Nov 2018
टैवल इंश्योरेंस के साथ करिये निश्चिंत विदेश यात्रा

NOV 23 (WTN) – घूमना किसे अच्छा नहीं लगता है, जब भी समय मिलता है हर कोई यह कोशिश करता है कि ज़िन्दगी की आपाधापी और काम से दूर, कुछ पल सुकून के अपनों के साथ गुजारे जाएं। लेकिन जब आप घूमना का प्लान बनाते हैं, तो बहुत सी ज़रूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरुरी है, ख़ास तौर पर तब जबकि आप एक इंटरनेशनल ट्रिप पर जाने की सोच रहे हों। आज हम आपको बताते हैं कि इंटरनेशनल ट्रिप पर जाने से पहले आपको क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।
 
हमारी आपको सलाह है कि इंटरनेशनल ट्रिप यानि कि विदेश यात्रा पर जाते समय अपना ट्रैवल इंश्योरेंस यानि कि यात्रा बीमा कराना ना भूलें। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एक टैवल इंश्योरेंस को यात्रियों के लिए विशेष रूप से मेडिकल इमरजेंसी, विमान के लेट होने और सामान के गुम हो जाने जैसी परिस्थितियों से सुरक्षित करने के लिए ही बनाया गया है।
 
अमेरिका और कनाडा जैसे कुछ देशों में तो यात्रा बीमा लेकर जाना एक आवश्यक शर्त है। लेकिन आप दुनिया के किसी भी देश में जाएं, हमारी आपको सलाह है कि आप एक बेहतर यात्रा बीमा लेकर ज़रूर जाएं जो कि आपको मुसीबत के समय काम आ सके। आख़िर यात्रा बीमा के क्या-क्या फ़ायदे हो सकते हैं, आइये आपको बताते हैं।
 
सबसे पहले आपको बताते हैं मेडिकल सहायता के बारे में। जब भी आप विदेश जाते हैं तो आपको मौसम परिवर्तन, खाने के साथ सामंजस्य ना बैठा पाने, बॉयोलॉजीकल क्लॉक गड़बड़ा जाने और अन्य कारणों से बीमार होने या दुर्घटना में घायल होने पर इलाज कराने में आपके सामने मुसीबत खड़ी हो सकती है, ऐसे में एक व्यापक यात्रा बीमा आपके हॉस्पिटल के सभी खर्चों को कवर कर सकता है। क्योंकि यदि विदेश में आप बीमार हुए तो वहां इलाज करना आपको काफ़ी महंगा साबित हो सकता है।
 
अब बात करते हैं ट्रिप कैंसलेशन यानि कि यात्रा निरस्तीकरण की। हो सकता है कि किसी ना किसी कारण से आपको अपनी विदेश यात्रा रद्द करना पड़े। आपकी यात्रा रद्द होने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे कि ख़राब मौसम, आप जिस व्यापारिक कारण से जा रहे हैं उस मीटिंग का कैंसिल होना, पासपोर्ट के प्रोसेस होने में देरी और बीमारी या चोट के कारण यात्रा रद्द होना। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यात्रा कैंसिल करने पर बीमा कम्पनी आम तौर पर आपके द्वारा ट्रिप के लिए दिये गये पैसों और आपके वेंडर के द्वारा आपको मिलने वाले रिफण्ड में जितने पैसों का अंतर होता है उतना पेमेंट करती है।
 
आप चाहें तो बैगेज बीमा भी करा सकते हैं। इसमें बीमा कम्पनियां आपको सामान खोने और दस्तावेजों के गुम होने पर भी उसका मुआवजा देती है जो कि विदेश यात्रा करने के दौरान एक बहुत बड़ी राहत है। क्योंकि यदि आपका बैगेज खो गया जिसमें आपके दस्तावेज थे तो आप विदेश में परेशान हो सकते हैं, ऐसे में उस परेशानी से बचने के लिए बैगेज बीमा आपको काफ़ी राहत दे सकता है।
 
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 85 साल की उम्र तक के यात्रियों को बिना किसी मेडिकल टेस्ट के यात्रा बीमा मिल सकता है। लेकिन, यात्री को पहले से मौजूद बीमारियों के मामले में यात्रा बीमा किसी अन्य हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी की तरह ही काम करता है। ध्यान रहे कि यात्रा बीमा में पहले से मौजूद बीमारियों को कवर नहीं किया जाता है।
 
हमारी आपको सलाह है कि किसी भी तरह का यात्रा बीमा लेने से यह अच्छी तरह से देख लें कि आपको किस बीमा की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है। इस समय प्रचलित यात्रा बीमा हैं, अंतरराष्ट्रीय यात्रा बीमा, कॉर्पोरेट ट्रेवल इंश्योरेंस, छात्र यात्रा बीमा, वरिष्ठ नागरिक यात्रा बीमा और परिवार यात्रा बीमा। आप अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा बीमा कर सकते हैं और हो सकने वाली परेशानियों से बच सकते हैं।