एसबीआई ने बदले कैश जमा करने से लेकर कैश निकालने तक के नियम!
DEC 20 (WTN) – समय-समय पर देश का सबसे बड़ा बैंक यानि की भारतीय स्टेट बैंक अपने नियमों में बदलाव करता रहता है ताकि ग्राहकों को सुरक्षा और सुविधा दोनों ही मिलती रही। इसी कड़ी में एसबीआई ने बैंक में कैश जमा करने और निकालने के नियमों के साथ-साथ एटीएम से कैश निकालने के नियमों में भी बड़ा बदलाव किया है। यदि आप इन नये नियमों को नहीं जानते हैं, तो हम आपको बताते हैं कि आख़िर क्या है एसबीआई के नये नियम।
एसबीआई ने एक दिन में एटीएम से कैश निकालने की लिमिट को 40,000 रुपये से घटाकर 20,000 रुपये कर दिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एटीएम से पैसा निकालने की यह नई लिमिट 31 अक्टूबर से लागू हुई है। बैंक का तर्क है कि ऐसा डिजिटल ट्रांजैक्शंस को बढ़ावा देने और ATM फ्रॉड के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए किया गया है। वहीं एसबीआई की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक़, प्लेटिनम कार्ड वाले ग्राहक अब एक दिन में एक लाख रुपये तक का कैश निकाल सकते है।
वहीं भारतीय स्टेट बैंक के एक नये नियम के मुताबिक़, एसबीआई के खाते में एक न्यूनतम बैलेंस हर महीने बरक़रार रखकर आप एटीएम से अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि देश के केन्द्रीय बैंक यानि कि भारतीय रिज़र्व बैंक ने देश के टॉप बैंकों को यह निर्देश दिया है कि वे अपने ग्राहकों को प्रति महीने एक निश्चित संख्या के बाद फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन की सुविधा उपलब्ध कराएं। जिसके बाद आप एसबीआई में न्यूनतम बैंलेस रखकर एटीएम के अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन कर सकते हैं।
इधर एसबीआई ने बैंक में कैश जमा करने के नियम में भी बड़ा बदलाव किया है। एसबीआई के मुताबिक़ अपने ग्राहकों के बैंक खातों को सुरक्षित रखने के लिए ऐसा फैसला लिया गया है कि किसी के बचत खाते में कोई दूसरा व्यक्ति पैसे नहीं जमा करा पाएगा। बैंक का तर्क है कि नोटबंदी के दौरान बड़े पैमाने पर जालसाज़ी के मामले सामने आए थे जिसके बाद ऐसा फ़ैसला लिया गया है। इस नियम के बाद अपने पिता के सेविंग अकाउंट में उसका पुत्र या पुत्री भी कैश जमा नहीं करा पाएंगे। जिसे भी अपने अकाउंट में कैश जमा करना है उसे खुद ही बैंक जाना होगा।
वहीं अपने ग्राहकों को सुविधा देते हुए एसबीआई ने कैश जमा करने के नियम में एक नया बदलाव किया है, इसके तहत अब एसबीआई का ग्राहक देश के किसी भी एसबीआई ब्रांच में जाकर अपने सेविंग अकाउंट में जितना चाहे कैश जमा कर सकता है। ऐसा होने से दूसरे शहर में होने पर ग्राहक को सुविधा होगी कि उसे कैश जमा करने अपने होम ब्रांच में नहीं जाना पड़ेगा। एसबीआई की इस सुविधा का फ़ायदा उन लोगों को होगा जो कि अपने शहर से दूर किसी दूसरे शहर में नौकरी करते हैं और उनका एसबीआई का सेविंग अकाउंट होम टाउन में है।