कन्या राशि: शनि के ढैया के कारण सफलता मिलने में हो सकता है विलम्ब
JAN 07 (WTN) – आइये जानते हैं कि वर्ष 2019 में कन्या राशि के जातकों के लिए नौकरी और व्यवसाय में क्या कुछ उपलब्धियां हासिल हो सकती हैं और किस तरह की दिक्कतों का सामना उन्हें करना पड़ सकता है।
जनवरी से मार्च
जनवरी, फरवरी और मार्च; वर्ष 2019 के पहले तीन महीनों में नौकरी और व्यवसाय में आप तरक्की करने के लिए मेहनत करते नज़र आएंगे। लेकिन इस दौरान आपको मेहनत करने के बाद भी तरक्की मिलेगी ही यह निश्चित नहीं है, क्योंकि इस दौरान आपकी राशि पर शनि के ढैया का प्रभाव रहेगा जिसके कारण काफ़ी प्रयासों के बाद मिश्रित परिणाम ही हासिल हो सकेंगे।
इन तीन महीनों में कन्या राशि के जातकों के लिए चिकित्सा और तकनीक के क्षेत्र में उन्नति हासिल करना जरा मुश्किल सा रहेगा। आप काफ़ी मेहनत करेंगे लेकिन आपको मनमाफ़िक सफलता हासिल नहीं हो सकेगी जिसके कारण आप परेशान रहेंगे इसलिए इन तीन महीनों में धैर्य और बुद्धि से काम लें और खुद पर नियंत्रण रखें।
अप्रैल से जून
अप्रैल, मई और जून; इन तीन महीनों में कन्या राशि के जातकों को नौकरी और व्यवसाय में प्रगति के योग बनते दिख रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दौरान आप पर शुभ ग्रह गुरू की कृपा बनी हुई है जिसके कारण नौकरी और व्यवसाय में आपको मेहनत का फल मिलेगा और उन्नति हासिल होगी। इन तीन महीनों में व्यापारिक गतिविधियों में विकास होगा और व्यापार में वृद्धि होगी।
कन्या राशि के जातकों के लिए इन तीन महीनों में कोई अनुबंध प्राप्त होने की प्रबल सम्भावना है जिससे नौकरी और व्यापार को एक नई दिशा हासिल होगी। इन तीन महीनों में आपकी उन्तति होना तय है, लेकिन यह तभी हासिल हो सकेगी जब आप सक्रिय रहेंगे। हालांकि जून के महीने में हो सकता है कि सफलता हासिल ना हो जिससे आप परेशान हो सकते हैं, इसलिए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अप्रैल और मई में ही पूरी मेहनत से प्रयास करें।
जुलाई से सितम्बर
जुलाई के महीने में कन्या राशि के जातकों के लिए व्यापारिक गतिविधियों में प्रगति होगी। साथ ही जो जातक चिकित्सा, शिक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र से जुड़े हैं, इन क्षेत्रों में जोरदार सफलता हासिल होने के योग हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दौरान कन्या राशि के जातकों को शुभ ग्रहों का संयोग प्राप्त हो रहा है।
लेकिन अगस्त और सितम्बर के महीनों में कन्या राशि के जातकों को सावधान रहने की आवश्यकता है क्योंकि इन दो महीनों में अशुभ ग्रहों के कुप्रभाव के कारण आपकी नौकरी और व्यापार की प्रगति रूक सकती है। शनि के ढै़या का प्रभाव कन्या राशि पर होने के कारण सफलता या तो नहीं मिलेगी, या फ़िर देर से मिलेगी। लेकिन इस दौरान कानून और न्याय के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अप्रत्याशित सफलता के योग हैं।
अक्टूबर से दिसम्बर
साल के आख़िरी तीन महीनों में कन्या राशि के जातकों के लिए नौकरी और व्यापार में उतार चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। समय पर मनोवांछित सफलता हासिल ना होने के कारण आप कुछ परेशान हो सकते हैं। लेकिन अक्टूबर महीने के अन्तिम सप्ताह के बाद गुरू के शुभ प्रभाव के कारण आपके बिगड़ते काम बनने लगेंगे और सफलता हासिल होगी।
याद रखिए चूंकि आप पर शनि के ढैया का प्रभाव है इसलिए कोई भी काम आसानी से नहीं होगा और सफलता हासिल करने के लिए आपको काफ़ी मेहनत करना पड़ेगी। समय पर काम ना होने से आप चिढ़चिढ़े और गुस्सैल हो सकते हैं इसलिए खुद पर नियंत्रण रखें। इस दौरान कन्या राशि के जातकों को अपनी मेहनत पर पूरा ध्यान देना चाहिए, बाकि ईश्वर पर छोड़ देना चाहिए।