भोपाल पुलिस तैयार कर रही गुण्डे-बदमाशों का ‘बायोडाटा’!
JAN 25 (WTN) – गुण्डे-बदमाशों पर लगाम लगाने के लिए अब भोपाल पुलिस ने कमर कस ली है और इसके लिए राजधानी की पुलिस उनका पूरा बायोडाटा तैयार कर रही है। दरअसल, भोपाल पुलिस गुण्डे-बदमाशों का एक डोजियर तैयार कर रही है। इस डोजियर में उनके पूरे अपराधों की जानकारी होगी और इसके लिए भोपाल शहर के हर थानास्तर पर गुण्डे और बदमाशों का बायोडाटा पुलिस तैयार कर रही है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुछ निर्धारित अपराधों और गतिविधियों पर ही पुलिस गुण्डे-बदमाशों का रिकॉर्ड तैयार करती थी, लेकिन अब भोपाल पुलिस बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए गुण्डे-बदमाशों की पूरी जानकारी जुटी रही है। ऐसा इसलिए ताकि कोई भी अपराध होने की सूरत में प्राथमिक तौर पर शक होने पर गुण्डे-बदमाशों के रिकॉर्ड से जानकारी जुटाई जा सके कि कौन सा गुण्डा-बदमाश किस तरह के अपराध में लिप्त रहा है और इसी के आधार पर उनसे पूछताछ कि जा सके।
जानकारी के मुताबिक़ भोपाल पुलिस शहर के 1,858 गुण्डों-बदमाशों की पूरी जानकारी जुटा रही है जिनके विरुद्ध पिछले तीन सालों में चोरी, डकैती और लूट समेत कोई अन्य दूसरे अपराध दर्ज हैं। पुलिस इन गुण्डे-बदमाशों पर कड़ी निगरानी रखेगी और समय-समय पर इनकी लोकेशन के बारे में भी पता करते रहेगी। कहा जा रहा है कि गुण्डे-बदमाशों की पूरी जानकारी जुटाने का काम क़रीब एक महीने में पूरा हो जाएगा जिसके बाद किसी भी तरह का अपराध होने पर आदतन गुण्डे-बदमाशों की सूची होने पर आदतन अपराधियों को पुलिस आसानी से पकड़ सकेगी।