MAR 14 (WTN) – रिजर्वेशन चार्ट को ऑनलाइन देखने की सुविधा देने के बाद रेलवे एक अप्रैल से अपने यात्रियों को एक नई सुविधा देने जा रहा है, जिसके तहत अब रेलवे भी एयरलाइंस की तरह कन्टिन्यू जर्नी में एक ही यात्रा के दौरान एक के बाद दूसरी ट्रेन से यात्रा करने की स्थिति में अब संयुक्त PNR नम्बर जारी करेगा। रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक इस नये नियम के लागू होने के बाद यात्रियों को पहली ट्रेन के लेट होने के कारण अगली ट्रेन के छूट जाने पर बिना किसी चार्ज के आगे की यात्रा रद्द करने की परमिशन मिलेगी और साथ ही रिफंड में भी आसानी होगी।

एक अप्रैल से लागू होने वाला यह नियम सभी क्लास पर लागू होगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जब भी यात्री ट्रेन की टिकिट बुक कराता है तो उसे एक PNR नम्बर मिलता है। यह नम्बर एक यूनिक कोड होता है और इससे यात्री की ट्रेन, यात्रा की तारीख और रिजर्वेशन स्थिति का पता चलता है।

वहीं कन्टिन्यू जर्नी में यात्री ने अपनी यात्रा के लिए एक के बाद एक दो ट्रेनें बुक की हैं तो यात्री के लिए दो पीएनआर नम्बर जनरेट होते है। अब भारतीय रेलवे ने नियम में बदलाव कर यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों पीएनआर नम्बर को लिंक करने का फैसला लिया है। यह सुविधा काउंटर टिकिट और ऑनलाइन बुकिंग दोनों के लिए मान्य होगी। रेलवे का दावा है कि ऐसा होने से यात्रियों को पहले के मुकाबले आसानी से रिफंड मिल जाएगा।

लेकिन रिफंड हासिल करने के लिए रेलवे ने कुछ नियमों में संशोधन किया है, जिसके मुताबिक दोनों टिकिट में पैसेंजर की डिटेल एक जैसी होना चाहिए। जिस स्टेशन पर पहली ट्रेन पहुंचती है और जिस स्टेशन से दूसरी ट्रेन पकड़नी है यह दोनों स्टेशन एक ही होना चाहिए। अगर किसी स्टेशन पर रिफंड नहीं मिल पाता है तो यात्री द्वारा भरी गई TDR तीन दिनों के लिए मान्य होगी। वहीं यात्री को उसके रिफंड का पूरा पैसा CCM या रिफंड ऑफिस से मिल जाएगा।

वहीं यदि आपने काउंटर से रिजर्वेशन टिकिट लिया है तो पहली ट्रेन आने के स्टेशन टाइमिंग के 3 घंटे के अंदर आप अपनी दूसरी ट्रेन के टिकिट को कैंसिल करा सकते हैं और इस रिफंड का पैसा काउंटर पर ही मिलेगा। वहीं अगर टिकट ऑनलाइन बुक की है तो जिस स्टेशन पर पहली ट्रेन पहुंची है और जिस स्टेशन से दूसरी ट्रेन पकड़नी है उस स्टेशन पर यात्री को TDR भरना पडे़गा, लेकिन यात्री को पूरा रिफंड तभी मिल जाएगा जब यात्री TDR में यह मेंशन करे कि पहले ट्रेन के लेट होने के कारण उसकी दूसरी ट्रेन छूट गई है।