APR 16 (WTN) – आजकल ऑनलाइन शॉपिंग करना सामान्य सी बात है। ई-कॉमर्स कम्पनियों पर हर रोज़ लाखों की तादात में लोग शॉपिंग करते हैं। पर यदि आप ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं तो आपको काफ़ी सतर्क रहने की ज़रूरत है। ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड से जुड़ी यह ख़बर आपके लिए काफ़ी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम आपको बताने जा रहे हैं कि आप किस तरह से ऑनलाइन स्कैम का शिकार हो सकते हैं। मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक़, दिल्ली के एक कारोबारी के साथ ऑनलाइन स्कैम की धोखाधड़ी हुई है, जिसके कारण उसे लाखों रूपयों का नुकसान हो गया।

जानकारी के मुताबिक़ ऑनलाइन ठगों ने कारोबारी को 2.5 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने इस पूरे स्कैम को एक टेक्स्ट मैसेज के जरिये अंज़ाम दिया और कारोबारी के बैंक अकाउंट से 2.5 लाख रूपये निकाल लिये। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ऑनलाइन शॉपिंग में ठगी करने वाले हैकर्स, उपभोक्ता को बड़े डिस्काउंट वाली शॉपिंग डील का लालच देकर अपनी ठगी को अंजाम देते हैं।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के एक कारोबारी एक ई-कॉमर्स वेबसाइट पर अपने ऑफिस के लिए फर्नीचर तलाश कर रहे थे। वेबसाइट पर सर्च करने के बाद कारोबारी को एक आकर्षक डील मिली। डील से आकर्षित होकर कारोबारी ने सेलर का नम्बर लेकर उससे सम्पर्क किया। जानकारी लेने पर सेलर ने अपना परिचय एक रिटायर्ड डिफेंस अधिकारी के रूप में दिया।

फ्रॉड करने वाला सेलर अन्य सेलर के मुक़ाबले काफ़ी कम क़ीमत पर कारोबारी को फर्नीचर देने के लिए तैयार हो गया। हालांकि इसके लिए फ्रॉड सेलर ने डील की पेमेंट पहले मांगी। डील फाइनल होने के बाद कारोबारी के फ़ोन पर एक मैसेज आया। जानकारी के मुताबिक़, मैसेज में कुछ अन्य जानकारियों के अलावा एक वेबसाइट का लिंक भी दिया गया था।

जैसे ही कारोबारी ने इस लिंक पर क्लिक किया, लिंक पर क्लिक करते ही ठगी करने वाले व्यक्ति को पीड़ित कारोबारी के फ़ोन का रिमोट एक्सेस मिल गया। उस लिंक के जरिए ठगी करने वाले व्यक्ति को पीड़ित के बैंक ट्रांजेक्शन, फ़ोटो और मैसेज सभी का एक्सेस मिल गया। शिकायत मिलने के बाद इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी ने यूआरएल को एक डिकॉय मैसेज के साथ शॉर्ट करके भेजा था।

हमारी आपको सलाह है कि इस तरह के ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए ऐसी किसी भी डील से बचें जिस पर की आपको जरा सा भी सन्देह हो रहा हो। यदि आप कोई भी डील ऑनलाइन कर रहे हैं तो अपने बैंक अकाउंट, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और यूपीआई की जानकारी किसी को मैसेज पर ना दैं। साथ ही ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक ना करें जो आपको एसएमएस के जरिये भेजी गई हो। यदि आप इस तरह की सावधानियां बरतेंगी तो आप ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने से बच सकते हैं।