यदि की ग़लती तो आप भी हो सकते हैं सेक्सटॉर्शन के शिकार!
OCT 18 (WTN) – यदि आप स्मार्टफ़ोन, कम्प्यूटर या फ़िर लैपटॉप में पॉर्न वीडियो देखते हैं तो ज़रा सावधान हो जाएं, क्योंकि आपकी इस आदत के कारण आप ब्लैकमेलिंग का शिकार हो सकते हैं। दरअसल, एक रिपोर्ट के मुताबिक़ हाल ही में फोरपिएक्स (Phorpiex) नाम के एक बॉटनेट (Botnet) का पता लगा है। यह बॉटनेट हर घण्टे 30 हज़ार ई-मेल भेजता है। ख़ास बात है कि बॉटनेट के ज़रिये भेजे गये ई-मेल के ज़रिये सेक्स कंटेंट को लीक करने की धमकी देकर फिरौती की मांग की जाती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस ई-मेल में धमकी दी जाती है कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो उनके वेबकैम से कैप्चर किए गए सेक्शुअल कंटेंट को लीक कर दिया जाएगा। मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, यह रिपोर्ट ग्लोबल साइबर सिक्युरिटी कम्पनी चेक प्वाइंट द्वारा जारी की गई है। यानी कि यदि आप सेक्स कंटेंट देखते हैं तो आप हैकर्स के निशाने पर हैं।
दरअसल, फोरपिएक्स (Phorpiex) या ट्रिक (Trik) नाम का यह मैलवेयर हर घण्टे 30 हज़ार सेक्सटॉर्शन (Sextortion) के मैसेज भेज रहा है और लोगों को ब्लैकमेल कर रहा है। जब तक आप इस आर्टिकल को पढ़ेंगे, तब तक सेक्सटॉर्शन के लाखों ई-मेल भेजे जा चुके होंगे। जानकारों ने इस बारे में बताया कि पिछले पांच महीनों में फोरपिएक्स कैम्पेन के वॉलेट में लगभग 14 बिटक्वाइन ट्रांसफर हुए हैं जो कि लगभग 110,000 डॉलर यानी लगभग 78 लाख रुपये के बराबर है। और यह सारी रक़म ब्लैकमेलिंग के ज़रिये कमाई गई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह बॉटनेट इसलिए भी काफ़ी ख़तरनाक माना जा रहा है, क्योंकि इसे यूज़र का पासवर्ड भी पता होता है। इसलिए यह यूज़र को उनका पासवर्ड बताकर डरा देता है और उन्हें डरा धमकाकर फिरौती की मांग करता है और बदनामी के डर से कई यूज़र्स फोरपिएक्स कैम्पेन के वॉलेट में बिटक्वाइन जमा करा देताे हैं।
जानकारी के मुताबिक़, बॉटनेट हज़ारों इन्फेक्टेड होस्ट को यूज़ करता है। जिससे यह बड़ी ही आसानी से कमाण्ड और कंट्रोल सर्वर से ई-मेल एड्रेस के डेटाबेस को कलेक्ट कर लेता है। बाद में इनमें से किसी ई-मेल को चुन लिया जाता है और उसे धमकी भरे ई-मेल भेजे जाते हैं। यानी कि ऐसे एक स्पैम से यह एक बार में क़रीब 2 करोड़ 70 लाख से ज़्यादा यूज़र्स को अपना शिकार बना सकता है। इस बारे में रिसर्चर्स का कहना है कि Phorpiex हैकर्स के पास यूज़र्स के ई-मेल पासवर्ड पिछले कई सालों में हुए डेटा लीक के कारण मिले हैं।
जब इस बारे में रिसर्च की कई तो पता चला कि यह बॉटनेट पिछले 10 साल से एक्टिव है। यह इस समय 4 लाख से ज़्यादा इंफेक्टेड होस्ट को ऑपरेट करता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुछ साल पहले तक Phorpiex अलग-अलग मैलवेयर के जरिए क्रिप्टोकरंसी कमाता था। इस मामले के जानकर इसे एक ख़तरनाक स्पैम बॉट बता रहे हैं, जो बड़े स्तर पर सेक्सटॉर्शन कैम्पेन चला रहा है।
तो यदि आप भी सेक्स कंटेंट देखने के आदी हैं तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आप यदि इस तरह के किसी सेक्सटॉर्शन में फंस गये तो आपको काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि भारत में पोर्नोग्राफी मान्य नहीं है और इस तरह के मामले की शिकायत करने पर आप ख़ुद मुसीबत में फंस सकते हैं।
वहीं यदि आप इंटरनेट पर सेक्स कहानियां पढ़ने के शौकीन हैं तो आपकी जानकारी के लिए बता दिया जाए कि सेक्स कहानियां पढ़ना भी भारत में क़ानूनन मान्य नहीं है। वहीं यदि आप सेक्स स्टोरीज़ लिखते हैं या फ़िर उसे सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से फॉर्वर्ड करते हैं तो भारतीय क़ानून के मुताबिक़ आप पर अश्लीलता फ़ैलाने का केस कायम हो सकता है। तो हमारी आपको सलाह है कि क़ानूनी कार्रवाई और सेक्सटॉर्शन से बचने के लिए इंटरनेट पर सेक्स कंटेंट देखने से दूरी बनाए रखें।