HOME WORLD INDIA BHOPAL BUSINESS ENTERTAINMENT SCIENCE & TECHNOLOGY SPORTS HEALTH
WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RECIPES DRINKS FUN FACTS WTN HINDI
EDUCATION LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE BIG MEMSAAB OPINION & INTERVIEW BrahMos
ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
BREAKING NEWS

ग़लती की तो हैकर्स कर देंगे आपका बैंक अकाउण्ट खाली!

28 Nov 2019
लालच, ग़लती और लापरवाही ही है बैंकिंग फ्रॉड के लिए ज़िम्मेदार

NOV 28 (WTN) – बैंक में आपका अकाउण्ट तो होगा है। वहीं यदि आप टेक्नोलॉजी फ्रैण्डली हैं तो आप नेट बैंकिंग और कई तरह के ई-वॉलेट का इस्तेमाल भी करते ही होंगे। लेकिन देखा गया है कि नेट बैंकिंग या ई-वॉलेट का इस्तेमाल करने वालों के लालच, ग़लती और लापरवाही के कारण वे बैंकिंग फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं। दरअसल, यदि नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करने वाले सतर्क और सचेत है तो कोई भी उनके साथ ऑनलाइन फ्रॉड नहीं कर सकता है, लेकिन समझदार से समझदार नेट बैंकिंग यूज़र भी कभी ना कभी कोई ऐसी ग़लती या लापरवाही कर सकता है जिससे उसे आर्थिक हानि उठानी पड़ सकती है।
 
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में संसद में बताया है कि अप्रैल 2019 से सितम्बर 2019 तक की समयावधि में बैंकिंग फ्रॉड से क़रीब 95 हज़ार करोड़ रुपयों का नुकसान हुआ है। बैंकिंग फ्रॉड की घटनाएं हर दिन हो रही हैं और इन घटनाओं के शिकार वे लोग हो रहे हैं जो कि लालच, ग़लती या लापरवाही कर बैठते हैं। लेकिन यदि बैंकिंग सम्बन्धित कामों के समय यदि आप सतर्क और सचेत रहते हैं तो आप ख़ुद को बैंकिंग फ्रॉड से बचा सकते हैं।
 
जैसा कि आप जानते हैं कि इंटरनेट के कारण आजकल लगभग हर काम ऑनलाइन हो जाता है। ऐसे में ऑनलाइन शॉपिंग और पेमेण्ट भी लोग काफ़ी तादात में कर रहे हैं। नोटबंदी के बाद से भारत में डिजिटिल ट्रांजैक्शन के इस्तेमाल में भी काफ़ी वृद्धि हुई है, लेकिन डिजिटल ट्रांजैक्शन का इस्तेमाल करते समय आपको काफ़ी सतर्क रहने की ज़रूरत है। याद रखिये कि ऑनलाइन शॉपिंग या पेमेण्ट करने से पहले ध्यान से देखें कि जिस लिंक पर आप हैं उस लिंक का URL सुरक्षित है या नहीं। जब भी ऑनलाइन शॉपिंग करें या फ़िर पेमेण्ट करें तो सबसे पहले URL पर ताले का निशान या सिक्योर लिखा ज़रूर देखें।

यदि आप लैपटॉप या कम्प्यूटर पर काम कर रहे हैं तो इस दौरान पॉप अप विण्डो में खुलने वाली साइट्स पर कभी भी निजी या बैंक सम्बन्धित जानकारियों को फीड ना करें। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस तरह की साइट्स आपकी बैंकिंग सम्बन्धित जानकारियां चुरा सकती हैं। इसलिए हमारी आपको सलाह है कि निजी या बैंक सम्बन्धित जानकारियां कभी भी किसी के साथ ऑनलाइन शेयर ना करें।

बैंकिंग फ्रॉड करने वाले कॉल, मैसेज और ई-मेल के ज़रिये आपको अपना निशाना बनाते हैं। याद रखिये कि कभी भी कॉल, मैसेज या ई-मेल के ज़रिये अपनी निजी या बैंक सम्बन्धित जानकारियां किसी के साथ भी शेयर ना करें। किसी के साथ भी ओटीपी, क्रेडिट या डेबिट कार्ड पिन और अन्य बैंकिंग जानकारियां शेयर ना करें। कभी भी बैंक आपसे कॉल, मैसेज या ई-मेल के ज़रिये इस तरह की जानकारियां नहीं पूछती है। यदि कोई आपसे बैंक कर्मचारी बनकर आपकी निजी या बैंक सम्बन्धित जानकारियां पूछता है तो इसकी शिकायत तुरन्त ही पुलिस स्टेशन और सम्बन्धित बैंक में कीजिए।
 
फ्रॉड करने वाले अपराधी लॉटरी, ईनाम, डोनेशन और क्राउड फण्डिंग का लालच देकर भी लोगों को अपना निशाना बनाते हैं। फ्रॉड करने वाले कई लोगों को लॉटरी या फ़िर ईनाम का लालच देकर अनजान लिंक पर क्लिक करने के लिए कहते हैं। यदि लालच में आकर आपने किसी अनजान लिंक पर क्लिक कर दिया तो हो सकता है कि आप फ्रॉड करने वाले अपराधियों के जाल में फंस जाएं। ऐसा इसलिए, क्योंकि अनजान लिंक पर क्लिक करने से आपका मोबाइल फ़ोन हैक हो सकता है और आपके मोबाइल फ़ोन पर हैकर्स की कमाण्ड हो सकती है। तो जब भी बैंक सम्बन्धित या ऑनलाइन शॉपिंग के काम करें तो सतर्क रहें, क्योंकि आपकी सतर्कता ही आपको बैंकिंग फ्रॉड से सुरक्षित रख सकती है।