APR 06 (WTN) – ग़रीबों की सेवा करने के उद्देश्य से पीपुल्स यूनिवर्सिटी के 133 डॉक्टर्स अब समाज और देश को अपनी चिकित्सकीय सेवा देने के लिए तैयार हैं। जीहां भोपाल स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी में आज एमबीबीएस 2013 बैच के विद्यार्थियों की ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसके बाद 133 डॉक्टर्स अब अपने हुनर से मरीजों का इलाज कर सकेंगे।

पीपुल्स यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में हुए इस भव्य कार्यक्रम में पीपुल्स कॉलेज ऑफ़ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेन्टर के 133 विद्यार्थियों को एमबीबीएस की डिग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पदम श्री से सम्मानित कवि और चिकित्सक डॉ ज्ञान चतुर्वेदी थे। कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती के सामने दीप प्रज्जवलित कर की गई। सेरेमनी में पीपुल्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ राजेश कपूर, प्रो-वाइस चांसलर हरीश राव, पीपुल्स मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ एस.के.सदावर्ते, यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ नीरजा मलिक, यूनिवर्सिटी के डीन (एकेडमिक अफेयर) तुकाराम प्रभु, कर्नल(रिटायर्ड) अशोक खुराना और प्रोफेसर डॉ रूचि कालरा उपस्थित थीं।

डॉक्टर्स को हिन्दी में दिये अपने ओजस्वी सम्बोधन में डॉ ज्ञान चतुर्वेदी ने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद हर दिन चुनौती होती है और हर दिन नया होता है। डॉक्टर का मतलब होता है लगातार सीखते जाना। एमबीबीएस की डिग्री पाने वाले डॉक्टर्स को सीख देते हुए डॉ चतुर्वेदी ने कहा कि समाज के ग़रीबों लोगों की सेवा करना ही एक डॉक्टर का पहला कर्तव्य होना चाहिए और पैसा कमाने के लिए ग़लत तरीक़ों को नहीं अपनाना चाहिए।

वहीं यूनीवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ राजेश कपूर ने डॉक्टर्स को उनके जीवन का लक्ष्य बताते हुए सीख दी कि मानवता की सेवा करना ही एक डॉक्टर के जीवन का लक्ष्य होता है। डॉ कपूर ने कहा कि एक डॉक्टर को कभी भी सीखना नहीं छोड़ना चाहिए, और हमेशा हर दिन एक डॉक्टर के लिए नया दिन होता है।
पीपुल्स मेडिकल कॉलेज के डीन एस.के.सदावर्ते ने डॉक्टर्स को उनकी ड्यूटी याद दिलाते हुए कहा कि डॉक्टर्स बनने के बाद समाज और देश की सेवा करना ही एक डॉक्टर का पहला कर्तव्य होना चाहिए। सामान्य व्यक्ति की सेवा करने में सफलता हासिल करना ही एक डॉक्टर की सबसे बड़ी सफलता है।

सेरेमनी में 133 डॉक्टर्स को मुख्य अतिथि डॉ ज्ञान चुतर्वेदी ने शपथ दिलाई। इस अवसर पर एकेडमिक करियर में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों डॉ आम्या अग्रवाल, डॉ अदिति अग्रवाल, डॉ अक्षिता अग्रवाल और डॉ अदिति अग्रवाल को मैडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान टॉपर डॉ आम्या अग्रवाल ने अपनी सफलता के लिए किये गये संघर्ष और यूनिवर्सिटी में बिताई अपनी यादों को सभी के साथ साझा किया।

वहीं यूनिवर्सिटी की छात्रा डॉ अंकिता गुप्ता के दुखद निधन पर उनके बैचमेट द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। डॉ अंकिता की सहपाठी रहीं डॉ रुद्राक्षी सिंह ने एक कविता के माध्यम से डॉ अंकिता गुप्ता को याद किया। सेरेमनी में डॉ आदित्य डोंडे ने दिल को छू लेने वाला गीत गाकर अपने सभी साथियों को भावुक कर दिया। तो वहीं डॉ अक्षिता अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों की तरफ से यूनिवर्सिटी की फैकल्टी समेत सभी स्टाफ को धन्यवाद किया। इस सेरेमनी में विद्यार्थियों के माता-पिता और उनके रिश्तेदार समेत पीपुल्स मेडिकल कॉलेज की फैकल्टी, स्टाफ और बड़ी संख्या में अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.तुषार जोशी, डॉ. अर्चित खरड़नविस, डॉ.दीपाली अग्रवाल और डॉ.पंखुडी गोयल ने किया।