AUG 08 (WTN) – भोपाल की प्रसिद्ध चित्रकार प्रीति निगम के बनाये अमूर्त चित्रों की प्रदर्शनी स्विट्ज़रलैण्ड के ज्यूरिख में 15 से 19 अगस्त तक लगाई जाएगी। भोपाल के एक निजी स्कूल में फाइन आर्ट्स की शिक्षिका और रंगायन आर्ट गैलरी की डायरेक्टर प्रीति, भारत से चुनी गईं एकमात्र चित्रकार हैं जो विश्वस्तर पर Swiss Art Expo – 2019 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्विट्ज़रलैण्ड के ज्यूरिख में आयोजित इस प्रदर्शन को Samsung International द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है।

अपनी चित्रकला के बारे में प्रीति निगम का कहना है कि जिस तरह से भारतीय दर्शन में साकार और निराकार दोनों ही रूपों की परिकल्पना है; ठीक उस तरह से दृश्य कला में मूर्त और अमूर्त परम्परा है। अमूर्त कला अपने दर्शकों को आकृति और संयोजन की सीमाओं से परे भी खोजने की सम्भावनाओं को बल देती है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भोपाल की प्रीति निगम चित्रकला की दुनिया में एक जाना पहचाना नाम हैं। प्रीति के बनाए चित्रों की कई प्रदर्शनियां लग चुकीं हैं। प्रीति निगम के बनाये अमूर्त चित्रों की कई नामी चित्रकार प्रशंसा कर चुके हैं साथ ही प्रीति को अपने शानदार काम के लिए कई पुरस्कारों से नवाज़ा जा चुका है।